GATE 2026 के लिए आवेदन 25 अगस्त से शुरू होंगे। जानें जरूरी तारीखें, पात्रता, नया विषय, एग्जाम पैटर्न और फीस।
GATE 2026 Registration: IIT गुवाहाटी ने GATE 2026 परीक्षा की घोषणा कर दी है और इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट भी लॉन्च हो गई है। यह परीक्षा उन छात्रों के लिए बेहद अहम मानी जाती है जो इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, साइंस, आर्ट्स या ह्यूमैनिटीज जैसे क्षेत्रों में पढ़ाई कर रहे हैं और आगे मास्टर्स डिग्री या सरकारी नौकरियों की तैयारी की योजना बना रहे हैं।
GATE 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 अगस्त 2025 से शुरू होंगे। उम्मीदवार बिना लेट फीस के 25 सितंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। अगर कोई उम्मीदवार तय समय तक फॉर्म नहीं भर पाता तो वह 6 अक्टूबर 2025 तक लेट फीस के साथ आवेदन कर सकता है।
GATE 2026 की परीक्षा 7, 8, 14 और 15 फरवरी को होगी। इसका रिजल्ट 19 मार्च 2026 को आएगा।
इस परीक्षा के लिए वे सभी छात्र आवेदन कर सकते हैं जो किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इंजीनियरिंग, साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स या ह्यूमैनिटीज में अंडरग्रेजुएट कोर्स के तीसरे वर्ष या उससे ऊपर की पढ़ाई कर रहे हैं या पूरी कर चुके हैं।
इसके अलावा, जिनके पास IE, ICE, IETE, AeSI जैसी मान्यता प्राप्त प्रोफेशनल सोसाइटी से सर्टिफिकेट है और जिन्हें MoE, AICTE, UGC या UPSC से मान्यता प्राप्त है वे भी आवेदन कर सकते हैं। विदेशी छात्र और उच्च शिक्षा में नामांकित छात्र भी पात्र हैं।
GATE 2026 में इस बार 30 अलग-अलग विषयों में परीक्षा होगी। इसमें एक नया विषय Energy Science (XE-I) जोड़ा गया है, जो Engineering Sciences ग्रुप में शामिल है।
स्टूडेंट एक या दो पेपर के लिए अप्लाई कर सकते हैं लेकिन सिर्फ वही विषय चुन सकते हैं जो एक साथ मान्य हों।
हर पेपर कुल 100 अंकों का होगा। इसमें 15 अंक जनरल एप्टीट्यूड (सामान्य योग्यता) के लिए और 85 अंक विषय-विशेष प्रश्नों के लिए होंगे। सभी पेपर अंग्रेजी भाषा में होंगे।
कुछ पेपर जैसे XE, XL और XH में सेक्शन बंटे हुए होंगे। इन पेपरों में एक जरूरी विषय होगा और बाकी विकल्प के तौर पर मिलेंगे।
महिला, SC, ST और PwD उम्मीदवारों के लिए: 1000 रुपये (सामान्य अवधि) और 1500 रुपये(लेट फीस के साथ) प्रति पेपर
अन्य सभी उम्मीदवारों के लिए: 2000 रुपये (सामान्य अवधि) और 2500 रुपये (लेट फीस के साथ) प्रति पेपर
GATE 2026 से जुड़ी हर जानकारी जैसे कि सिलेबस, पेपर कोड, पेपर कॉम्बिनेशन, और नोटिफिकेशन के अपडेट्स के लिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट gate2026.iitg.ac.in पर जाएं।