
MNIT में 18वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए 20 टॉपर्स को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया। इनमें से 12 छात्राएं थीं। समारोह में प्रदान की गई कुल डिग्रियों में से 402 (29 फीसदी) छात्राओं को मिली। इस मौके पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
राष्ट्रपति मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने समारोह में कहा कि संस्थान में यूजी के लिए 64 लाख का उच्चतम पैकेज छात्रा सुरभि जैन को मिला, यह बड़ी बात है। लड़कियां आगे बढ़ती हैं तो देश भी तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि शोध कार्यों में भी लड़कियों के आगे बढ़ने से देश वैश्विक स्तर पर आगे रहेगा। इस समारोह में कुल 1361 डिग्रियां प्रदान की गई। इन डिग्रियों में स्नातक की 805, स्नातकोत्तर की 477 और पीएचडी की 79 थी। राष्ट्रपति ने 20 स्वर्ण पदक प्रदान किए। उन्होंने छात्रों के लिए निर्मित अरावली छात्रावास का लोकार्पण भी किया।
वर्ष 2023-24 के लिए 741 बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी, 64 बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर, 285 मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी और 25 मास्टर ऑफ प्लानिंग डिग्री प्रदान की गई। 101 विद्यार्थियों को एमएससी की डिग्री मिली। 66 एमबीए और 79 पीएचडी की डिग्री प्रदान की गई। संस्थान ने कुल 1361 डिग्री प्रदान की।