शिक्षा

Railway Recruitment 2026: उत्तर मध्य रेलवे में अप्रेंटिस के पदों पर बंपर भर्ती, 10वीं पास के लिए मौका बिना परीक्षा होगा चयन

RRC NCR Apprentice Recruitment 2026: रेलवे भर्ती सेल उत्तर मध्य रेलवे ने अप्रेंटिस के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। 10वीं और ITI पास अभ्यर्थी 7 अगस्त, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
2 min read
Jul 08, 2026
RRC NCR Apprentice Recruitment 2026, Railway Vacancy 2026, Sarkari Naukri, RRC PRYJ Apprentice, ITI Pass Railway Job, Education News
RRC NCR Apprentice Recruitment 2026 (File Image: Patrika)

RRC NCR Apprentice Recruitment 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका है। रेलवे भर्ती सेल यानी आरआरसी प्रयागराज उत्तर मध्य रेलवे ने अप्रेंटिसशिप के 1853 खाली पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज यानी 8 जुलाई, 2026 से शुरू हो गई है। योग्य उम्मीदवार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट rrcpryj.org पर जाकर ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। आवेदन करने की आखिरी तारीख 8 अगस्त, 2026 तय की गई है।

योग्यताऔर आयु सीमा

इस भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में ITI या NCVT का सर्टिफिकेट भी होना चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो 7 जुलाई, 2026 के आधार पर अभ्यर्थी की न्यूनतम उम्र 15 वर्ष और अधिकतम उम्र 24 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के मुताबिक अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

आवेदन शुल्क

भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने के लिए सामान्य वर्ग, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी और सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन पूरी तरह निशुल्क है यानी उन्हें कोई फीस नहीं देनी होगी।

बिना परीक्षा और इंटरव्यू के होगा चयन

इस भर्ती की खासियत यह है कि अभ्यर्थियों को नौकरी पाने के लिए कोई लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। उम्मीदवारों को उनके शैक्षणिक अंकों के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा और सीधा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को एक साल की अवधि के लिए अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग पर भेजा जाएगा। भर्ती से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक नोटिफिकेशन देख सकते हैं।

ऐसे करें आवेदन

  • सबसे पहले RRC की आधिकारिक वेबसाइट rrcpryj.org.in पर जाएं।
  • होमपेज पर दिए गए क्विक लिंक्स सेक्शन में जाकर अप्रेंटिस वाले लिंक पर क्लिक करें।
  • अपनी जरूरी जानकारी दर्ज करके रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को पूरा करें।
  • इसके बाद आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत शैक्षणिक और आधार कार्ड जैसी जरूरी डिटेल्स ध्यानपूर्वक भरें।
  • अपने सभी आवश्यक दस्तावेज फोटो और सिग्नेचर स्कैन करके अपलोड करें।
  • अपनी कैटेगरी के अनुसार आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
  • अंत में फॉर्म को अच्छी तरह चेक करके सबमिट करें और भविष्य के लिए इसका एक प्रिंट आउट निकाल लें।