UP Assembly Elections 2022 आज पहले चरण के चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था। शाम 6 बजते ही पहले चरण की 11 जिलों की 58 सीटों के लिए चुनाव प्रचार का शोर थम गया। आज चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राजनैतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। कांग्रेस की प्रियंका गांधी आज हस्तिनापुर पहुंची और प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंंद्र मोदी और भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर भी निशाना साधा।
UP Assembly Elections 2022 "जब यूपी में पूरा चुनाव धर्म और जातियों के नाम पर हो रहा है। सिर्फ कांग्रेस ही हैं जो रोजगार, महिला सुरक्षा, किसान, चिकित्सा, शिक्षा पर बात कर रहीं हैं। और केवल बात नहीं युवा और महिला के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया है। हार जीत लगी रहती है। मगर जनता के मुद्दों का जिन्दा बने रहना बड़ी बात है। देश मजबूत जनता से ही बनता है। और जनता को लगातार जागरूक करते रहना, उसे भावुक मुद्दों से निकालकर जीवन के वास्तविक सवालों पर लाकर खड़ा करना बड़ी बात है।" यह बातें आज हस्तिनापुर में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार के दौरान प्रियंका गांधी ने कहे।
उन्होंने कहा कि ‘मोदी सरकार’ - ‘योगी सरकार’, जब ये शब्द जुबाँ पर आते हैं तो लोगों का ‘खाली जेबों’ में हाथ जाता है और हर देशवासी हर बार यही दोहराता है - ‘मोदी जी, एक तो आमदनी कर दी कम - ऊपर से दिया महंगाई का गम’। उन्होंने कहा कि लोग लोग सुबह उठकर चाय बनाते हैं, तो पाते हैं कि गैस का सिलेंडर एक हजार रुपये के पार हो गया। जब खाना बनाते हैं, तो खाने का तेल दो सौं रुपये के पार चला गया। काम पे जाते वक्त स्कूटर-मोटर साईकल-कार में पेट्रोल डलवाते हैं, तो वो भी 100 पार पाते हैं। घर लौटते हुए फल, सब्जी, दूध, आटा लाते हैं, तो वहां भी महंगाई की लूट।
मोदी-योगी सरकारें जिस ‘‘जनता का नमक’’ खाकर सत्ता के सिंहासन पर बैठीं, उसका नमक तक ‘‘महंगा’’ कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र है - ‘‘पूंजीपतियों को सींचो, नौकरीपेशा-मध्यम वर्ग से खींचो।’’ प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा को हराईये, महंगाई पर विजय पाईये!
राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री सचिन पायलट ने कहा कि प्रियंका गांधी पीड़ितों की आवाज उठाने और न्याय दिलाने के लिए हर जगह पहुंची हैं। हाथरस जाते हुए राहुल जी को धक्का देकर गिराया गया। प्रियंका जी ने अपने हाथ पर पुलिस की लाठियां रोकीं। सोनभद्र और लखीमपुर जाते हुए हिरासत में लिया गया मगर दोनों भाई बहनों ने कभी कोई शिकायत नहीं की।
प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि राहुल जी और प्रियंका जी की राजनीति एक उम्मीद जगाती है कि कुछ लोग हैं अभी जो डरते नहीं हैं। ऐसे समय में जब सारी संवैधानिक संस्थाएं डरी हुई हैं। कोई शब्द, उपमा नहीं जो उसके पतन का वास्तविक रूप बता सके। केवल शर्म और दुःख ही कहा जा सकता है। बाकी सब भी चुप हैं या सरकार के इशारों पर नाच रहे हैं। ऐसे में जनता की आवाज बनना। उसके साथ खड़ा होना बड़ी बात है। राहुल और प्रियका यही कर रहे हैं। इस मौके पर अभिमन्यु त्यागी, विदित चौधरी, राजेश्वर, रविन्द्र सिंह, अरुण कौशिक,नौशाद अली, गोलू भाई, संजय कटारिया, राज केशरी, योगी जाटव, सागर रस्तोगी समेत सैंकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।