चुनाव

UP Assembly Elections 2022 : भाजपा की चुनाव समिति में 24 नाम, 4 महिलाएं, मुस्लिम एक भी नहीं

UP Assembly Elections 2022 : भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित चुनाव समिति में यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा दोनों डिप्टी सीएम के नाम शामिल हैं। बीजेपी की चुनाव समिति में 19 सदस्य, एक पदेन सदस्य और 4 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किये गये हैं। वहीं चुनाव समिति में एक भी मुस्लिम नेता का नाम नहीं शामिल है।

2 min read
Jan 05, 2022
BJP
BJP

लखनऊ. UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को चुनाव समिति का एलान किया है। भाजपा की इस चुनाव समिति में चार महिलाओं समेत कुल 24 लोग शामिल हैं। बीजेपी द्वारा घोषित इस चुनाव समिति में एक भी मुस्लिम नेता का नहीं है। चुनाव समिति में यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा दोनों डिप्टी सीएम के नाम शामिल हैं। बीजेपी की चुनाव समिति में 19 सदस्य, एक पदेन सदस्य और 4 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किये गये हैं।

स्वतंत्र देव सिंह, सीएम योगी समिति में शामिल

उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित है। चुनावी तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को 24 सदस्यीय चुनाव समिति का एलान किया। जिसमें 19 सदस्य, एक पदेन सदस्य तथा चार विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। चुनाव समिति में यूपी बीजेपी स्वतंत्र देव सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डॉ दिनेश शर्मा के अलावा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी सदस्य हैं।

बेबीरानी मौर्या को भी मिली जगह

इसके अलावा कर्मवीर सिंह, डॉ रमापति राम त्रिपाठी, बेबी रानी मौर्या, रेखा वर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह भी शामिल हैं। चुनाव समिति में सुरेश खन्ना, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, संजीव बालियान, ब्रजेश पाठक, विनोद सोनकर, राजवीर सिंह, एसपी सिंह बघेल, सलिल विश्नोई, अश्वनी त्यागी को भी शामिल किया गया है।

गीता शाक्य पदेन सदस्य

वहीं भाजपा की चुनाव समिति में गीता शाक्य को पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जबकि यूपी बीजेपी के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, सह प्रभारी संजीव चौरसिया, सुनील ओझा और वाई सत्य कुमार को विशेष आमंत्रित सदस्य के रुप में शामिल किया गया है।

एक भी मुस्लिम नाम नहीं है शामिल

सबका साथ, सबका विकास का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी की चुनाव समिति में एक भी मुस्लिम नेता का नाम नहीं शामिल है। जबकि केंद्र और प्रदेश में पार्टी के पास कई ऐसे मुस्लिम बड़े चेहरें हैं, जो इस चुनाव समिति का हिस्सा बन सकते थे।

Published on:
05 Jan 2022 07:34 pm