UP Assembly Elections 2022 : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की राजनैतिक सलाहकार कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ कांंग्रेसी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम आज एक कार्यक्रम में शामिल होने मेरठ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए सभी विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि हिंदुस्तान में पैदा होने वाले मुसलमानों को देशभक्ति के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ . UP Assembly Elections 2022 : मेरठ में आजाद हिंद फौज के ध्वजवाहक और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नजदीकी जनरल शाहनवाज खां की पुण्य तिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की राजनैतिक सलाहकार कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम (Congress leader Acharya Pramod Krishnam) भी पहुंचे। उन्होंने आजाद हिंद फौज के जनरल शाहरनवाज खां को देश का सच्चा सिपाही बताया।
उन्होंने कहा कि आज जो आजादी की हवा में हम सांस ले रहे हैं। उसका मार्ग नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने ही प्रशस्त किया था। उन्होंने जनरल शाहनवाज खां को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि देश के किसी भी मुसलमान को जो कि हिंदुस्तान में पैदा हुआ है। उसको देशभक्ति का सर्टिफिकेट देने की जरूरत नहीं है। इस दौरान उन्होंने सभी विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उप्र की बर्बादी का एकमात्र कारण भाजपा है।
आचार्य प्रमोद ने कहा कि कांग्रेस पिछले 32 साल से प्रदेश की सत्ता से बाहर है। इन 32 सालों में कांग्रेस की बर्बादी हुई है। इसका कारण यह है कि इन 32 सालों में कांग्रेस की सरकार नहीं रही। उन्होंने कहा कि इन 32 सालों में आई सरकारों ने देश को जाति और धर्म में बांट दिया है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से कहा कि वे उप्र की आवाम से निवेदन करते हैं कि अगर प्रदेश को बचाना है तो इस बार कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर भरोसा करें। उन्होंने कहा कि पूरे मुल्क में नेहरू और गांधी परिवार के अलावा कांग्रेस पार्टी ऐसी है जो भाजपा से नहीं डरती। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि 32 साल में उप्र की बर्बादी हुई है। इसकी बर्बादी की जिम्मेदार सभी पार्टियां है। इस प्रदेश को जाति धर्म में बांट दिया है। प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi )और कांग्रेस सत्ता की सियासत नहीं करेंगी।