UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में अगले साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अभी समय है। लेकिन सियासी दलों के बीच आरोप और प्रत्यारोप का दौर भी तेज होता जा रहा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब कांग्रेस में इसी लड़ाई में कूद गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर उनके बच्चों के इंस्टाग्राम हैक करने का आरोप लगाया है। बता दें कि सपा अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं के घर पर आयकर विभाग के छापे पड़ने के बाद फोन टैपिंग का आरोप लगाया था।
लखनऊ. UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा के चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे ही सियासी दलों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब कांग्रेस की महासचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। लखनऊ में प्रियंका गांधी ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार उनके बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक कर रही है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अखिलेश यादव तो फोन टैपिंग की बात कर रहे हैं, मेरे तो बच्चों का इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार तो विपक्षी दलों के खिलाफ दमन का रवैया अपना रही है।
लगता है सरकार के पास कोई और काम नहीं है
मंगलवार को लखनऊ में पत्रकारों से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि आप लोग फोन टैपिंग की बात कर रहे हैं, वे लोग तो मेरे बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक कर रहे हैं। प्रियंका ने किसी का नाम लिए बिना ही कहा क्या उनके पास और कोई काम नहीं है।
महिला सशक्तीकरण पर भाजपा पर साधा निशाना
इतना ही नहीं प्रियंका गांधी ने प्रयागराज में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को लेकर भी भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधने से नहीं चूकी। मंगलवार को प्रयागराज में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में महिलाओं से संवाद के आयोजन पर प्रियंका ने कहा कि मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं के नारे के बाद इस देश की महिलाएं जाग गई हैं। वे सभी अपना हक मांग रही हैं। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रयागराज में आज महिलाओं के सामने झुक गए।
इतने सालों के बाद क्यों आई महिलाओं की याद
प्रियंका ने कहा कि मैं उनसे (पीएम मोदी) से पूछना चाहती हूं इतने वर्षों से उनको महिलाओं की चिंता क्यों नहीं थी। पहले ये घोषणाएं क्यों नहीं की, जो वह आज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं आज बहुत खुश हूं कि पीएम नरेन्द्र मोदी को देश की महिलाओं के आगे झुकना पड़ा।