
Harry Potter New Promo: दुनियाभर के फैंस के चहेते जादूगर 'Harry Potter' की जादुई दुनिया एक बार फिर नए रूप में लौटने के लिए तैयार है। HBO ने अपकमिंग फैंटेसी सीरीज 'Harry Potter And The Philosophers Stone' का एक नया प्रोमो और क्लिप जारी कर दी है। क्रिसमस के मौके पर आने वाली इस सीरीज को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बता दें, सामने आई नई क्लिप में हॉगवर्ट्स के शानदार 'ग्रेट हॉल' और जबरदस्त दावत का एक रोमांचक नजारा दिखाया है।
'द स्टार्ट-ऑफ-टर्म बैंक्वेट' नामक इस क्लिप में हैरी पॉटर, हर्मियोन ग्रेंजर और रॉन वीजली समेत सभी नए छात्र पहली बार हॉगवर्ट्स के भव्य ग्रेट हॉल में एक साथ नजर आते हैं। इस वीडियो की शुरुआत में नए छात्र हेडमास्टर एल्बस डंबलडोर (जॉन लिथगो) का नाम लेकर तालियां बजाते हैं, जिसे देखकर डंबलडोर काफी खुश होते हैं।
बता दें, क्लिप में हैरी (डोमिनिक मैकलॉफलिन) अपने दोस्त रॉन (एलेस्टेयर स्टाउट) से पूछता है कि क्या डंबलडोर थोड़े पागल हैं, जिस पर रॉन जवाब देता है कि वे पूरी तरह सनकी हैं। इसके बाद जैसे ही डंबलडोर के चुटकी बजाते ही मेज पर तरह-तरह के लजीज खानों की भरमार लग जाती है, और आम इंसानी परिवार के बीच पाले गए हैरी के लिए ये जादूई खाना किसी अजूबे से कम नहीं है। इन सारे सीन्स को काफी दमदार तरीके से दिखाया है।
इस दौरान प्रोफेसर मिनर्वा मैकगोनागल (जेनेट मैकटीर) और डंबलडोर के बीच बातचीत होती है। मैकगोनागल इस बात से हैरान नजर आती हैं कि हैरी अपने दिवंगत पिता जेम्स पॉटर की हूबहू कॉपी दिखता है, जिसमें वो कहती हैं कि उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा है कि वो बिल्कुल जेम्स जैसा दिखता है।
इस पर डंबलडोर कहते हैं, "हां, मिनर्वा, कभी-कभी जो दिखता है वो सच नहीं होता। उसका स्वभाव बिल्कुल अपना है।" इसके बाद सब कुछ अचानक गायब हो जाता है और बदल जाता है, जिसे देखकर छात्र खुशी से झूम उठते हैं।
बता दें, किताबों और पुरानी फिल्मों से अलग इस नई सीरीज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता सातवें आसमान पर है। मेकर्स के मुताबिक, 'Harry Potter And The Philosophers Stone' भारत में अपकमिंग 26 दिसंबर को JioHotstar पर रिलीज होगी, जबकि वैश्विक लेवल पर इसकी शुरुआत 25 दिसंबर से होगी।