मनोरंजन

‘रावण पूरी तरह बुरा नहीं था’, ‘रामायण’ के प्रीमियर में साई पल्लवी के बयान पर किसी ने जताई नाराजगी तो किसी ने किया समर्थन, देखें वीडियों

Sai Pallavi Viral Video: 'रामायण' के लॉस एंजिल्स प्रीमियर में साई पल्लवी ने कहा कि रावण पूरी तरह बुरा नहीं था। उनके बयान पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 4:03 PM IST
Sai Pallavi Ramayana
साई पल्लवी के बयान पर छिड़ी बहस (सोर्स: IMDb)

Sai Pallavi Social Media Reaction: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म 'रामायण' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में है। बीते दिन लॉस एंजिल्स में हुए फिल्म के प्रीमियर के बाद साई पल्लवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें साई रावण के चरित्र और उसके अच्छे-बुरे पहलुओं पर बात करती नजर आ रही हैं। उनका ये बयान कि 'रावण पूरी तरह बुरा नहीं था', सोशल मीडिया पर बहस की वजह बन गया है। कुछ यूजर्स ने उनकी बात का समर्थन किया, जबकि कुछ ने इस पर सवाल उठाए।

साई पल्लवी ने रावण को लेकर क्या कहा?

लॉस एंजिल्स में 'रामायण' के रेड कार्पेट पर बातचीत के दौरान साई पल्लवी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और महाकाव्यों को जानने के इच्छुक लोगों के लिए यह फिल्म एक अच्छी शुरुआत हो सकती है। उन्होंने फिल्म के VFX और तकनीकी टीम के काम की भी तारीफ की।

एक्ट्रेस ने कहा कि धर्मग्रंथों को आस्था के नजरिए से देखने पर इंसान अपने भीतर की अच्छाइयों और बुराइयों को पहचान सकता है और समय के साथ खुद में सुधार कर सकता है। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि रावण पूरी तरह बुरा नहीं था। उनके मुताबिक, हर व्यक्ति के लिए अपने भीतर मौजूद 'रावण' को पहचानना और खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करना जरूरी है।

साई पल्लवी के बयान पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

साई पल्लवी के बयान का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। एक यूजर ने टिप्पणी की, "एक महिला अपने ही अपहरणकर्ता की तारीफ कर रही है।" वहीं, दूसरे यूजर ने रावण के चरित्र के अलग-अलग पहलुओं का जिक्र करते हुए अभिनेत्री की बात का समर्थन किया। यूजर के मुताबिक, कुछ जगहों पर रावण की पूजा की जाती है और उसे केवल बुराई के प्रतीक के तौर पर नहीं देखा जाता। उसने रावण को भगवान शिव का भक्त, विद्वान और संगीतज्ञ बताते हुए कहा कि उसके अहंकार और कामवासना ने उसे गलत रास्ते पर पहुंचाया।

एक अन्य यूजर ने लिखा कि लोग हर बात में विवाद तलाशते हैं। उसके अनुसार, साई पल्लवी ने रावण की तुलना इंसान के भीतर मौजूद बुराई से की है और उस पर काबू पाने की बात कही है। इस तरह अभिनेत्री के बयान पर सोशल मीडिया पर एक राय नहीं दिखी। कुछ लोगों ने उनके शब्दों पर आपत्ति जताई, जबकि दूसरे यूजर्स ने इसे आत्ममंथन और इंसान के भीतर मौजूद अच्छाई-बुराई के संदर्भ में देखा।

5 नवंबर को रिलीज होगी 'रामायण'

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

लॉस एंजिल्स में प्रीमियर के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं। इस बीच साई पल्लवी का रावण पर दिया गया बयान फिल्म की रिलीज से पहले चर्चा का एक नया विषय बन गया है।

Updated on:
28 Oct 2026, 4:03 PM IST
Published on: