
Sharad Kapoor Career: संकट की घड़ी में हमेशा की तरह मदद का हाथ बढ़ाने वाले बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर अपने दरियादिली भरे कदम को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में स्वास्थ्य समस्याओं और काम की कमी से जूझ रहे एक्टर शरद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री से काम देने की भावुक अपील की थी। अब खबर है कि सोनू सूद ने न केवल शरद के लिए मेडिकल सप्लाई का इंतजाम किया है, बल्कि वे उन्हें एक नया प्रोजेक्ट देकर फिल्मों में वापसी का मौका देने की भी तैयारी कर रहे हैं।
'FPJ' के मुताबिक, सोनू सूद एक संभावित प्रोजेक्ट पर बात करने के लिए शरद कपूर से मुलाकात करने वाले हैं। इस प्रोजेक्ट के जरिए लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर चल रहे शरद को अपने करियर को फिर से पटरी पर लाने का बड़ा अवसर मिल सकता है।
बता दें, सोनू सूद व्यक्तिगत रूप से शरद कपूर की मौजूदा स्थिति पर नजर रख रहे हैं और उनकी मुश्किलों को समझने की कोशिश कर रहे हैं। काम की बात करने के साथ-साथ सोनू ने शरद की सेहत को देखते हुए उनके लिए जरूरी मेडिकल सप्लाई भी उपलब्ध कराई है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर शरद कपूर का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उनकी खराब सेहत और संघर्षों की झलक दिखी थी। इस वीडियो के वायरल होने के बाद फैंस और इंडस्ट्री के लोगों के बीच उनकी भलाई को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
शरद कपूर ने अपने बॉलीवुड सहयोगियों और फिल्म निर्माताओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा था कि वे अपने करियर को संवारने के लिए काम और समर्थन चाहते हैं। उनकी इसी गुहार के बाद अब सोनू सूद ने मदद का हाथ बढ़ाया है।