
Sai Marthand Best Debut Director: टेक महिंद्रा की नौकरी छोड़कर फिल्मों में करियर बनाने का फैसला साई मार्थंड के लिए सही साबित हुआ। नेटवर्क इंजीनियर के तौर पर काम करने वाले साई ने अपने जुनून को पेशा बनाया और दो साल में तेलुगु सिनेमा के चर्चित निर्देशक बन गए। उनकी पहली फिल्म लिटिल हार्ट्स (Little Hearts) ने करीब 40 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म की सफलता के बाद साई मार्थंड को इंडस्ट्री में नई पहचान मिली। अब उनकी सफलता की कहानी अब कई युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।
साई मार्थंड ने साल 2021 से साल 2023 तक पुणे के टेक महिंद्रा कार्यालय में नेटवर्क इंजीनियर के रूप में काम किया। नौकरी छोड़ने के 3 साल पूरे होने पर उन्होंने साल 2026 में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की, जो अब फिर चर्चा में है। पोस्ट में उन्होंने बताया कि वर्क फ्रॉम होम के दौरान उनका फिल्मों के प्रति लगाव लगातार बढ़ता गया। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि वह नेटवर्क इंजीनियर जरूर थे, लेकिन काम हर जगह से करते थे।
साल 2023 में नौकरी छोड़ने के बाद साई मार्थंड ने पूरी तरह फिल्म निर्देशन का रास्ता चुना। उनका यह फैसला सफल साबित हुआ। उनकी पहली फिल्म लिटिल हार्ट्स एक रोमांटिक कॉमेडी है, जिसमें मौली तनुज प्रसांत और शिवानी नगरम मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म करीब 2.4 करोड़ रुपये के बजट में बनी और इसकी शूटिंग एक महीने से थोड़ा ज्यादा समय में पूरी कर ली गई।
लिटिल हार्ट्स साल 2025 की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट फिल्मों में शामिल रही। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार फिल्म ने दुनियाभर में करीब 40 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म की सफलता के बाद तेलुगु अभिनेता महेश बाबू और नानी ने भी इसकी सराहना की, जिससे साई मार्थंड को व्यापक पहचान मिली। बाद में यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर भी रिलीज हुई।
लिटिल हार्ट्स की सफलता के बाद साई मार्थंड को तेलंगाना गद्दार फिल्म अवॉर्ड्स में 'बेस्ट डेब्यू फीचर फिल्म डायरेक्टर' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अब वह अभिनेता अदिवी सेश के साथ अपनी अगली फिल्म पर काम कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म G2 की शूटिंग पूरी होने के बाद शुरू होगी। साई मार्थंड की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपनी नौकरी के साथ किसी बड़े सपने को भी जी रहे हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की सुरक्षित नौकरी छोड़कर अपने जुनून को करियर बनाया और पहली ही फिल्म से बड़ी सफलता हासिल की।