Etawah Murder Case: उत्तर प्रदेश के इटावा हत्याकांड में एक और नया खुलासा हुआ है। आरोपी के साले ने बताया कि मुकेश दुसरी औरत का खर्चा उठाता था। उसे अपने परिवार की और उनकी जरूरतों की बिल्कुल चिंता नहीं थी।
Etawah Murder Case: उत्तर प्रदेश के इटावा के मोहल्ला लालपुरा के एक सराफा कारोबारी के घर में सोमवार रात पत्नी और तीन बच्चे मृत पाए गए। कारोबारी जब आत्महत्या करने के लिए जंक्शन स्टेशन के पास रेल ट्रैक पर पहुंचा तो जीआरपी ने उसे पकड़ लिया। आरोपी ने बताया था कि बिजनेस में घाटा होने के कारण उसने सामूहिक आत्महत्या करने का फैसला किया था। अब इस हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। आरोपी मुकेश के साले ने बताया है कि उसे अपने परिवार और उनके जरूरतों की कोई परवाह नहीं थी। वह किसी अन्य महिला के साथ तीन सालों से ऐश कर रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुकेश किसी और महिला के साथ ऐश कर रहा था। वह कानपुर में रह रही महिला का खर्च भी उठा रहा था। महिला के तलाक से पहले मुकेश उसके पति के साथ बैठकर शराब भी पीता था। इसी बीच महिला के पति से रिश्ते बिगड़े और तलाक हो गया, दो साल से महिला की जिम्मेदारी मुकेश उठा रहा था। पत्नी इस बात का विरोध करने लगी थी। रेखा ने मुकेश से परिवार सहित जान देने की बात कही थी। इसे लेकर मुकेश और उसकी पत्नी में कई बार झगड़े होते थे। ऐसे में यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं ये मुकेश की सोची समझी चाल तो नहीं है।
मुकेश ने दुकान बेचकर दिल्ली में एक रिश्तेदार के साथ चांदी की रिफाइनरी का काम शुरू किया था। जेल जाने से पहले मुकेश ने परिजनों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था और काम में घाटा होने की भी बात कही थी। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि इस मामले में नाम सामने आ रहे हैं। उन सभी से पूछताछ करने के लिए पुलिस जाएगी। टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्दी ही सभी से पूछताछ होगी। जो भी लोग इस मामले में घटना को लेकर जिम्मेदार होंगे उन सभी पर कार्रवाई की जाएगी।