Personal Finance

ऑनलाइन खरीदारी में बेंगलुरु ने दिल्ली-मुंबई को पछाड़ा

बेंगलुरु के 75 फीसदी लोग कपड़ों, उपहारों, पत्रिकाओं, घरेलू उपकरणों, खिलौनों, गहनों, सौंदर्य उत्पादों और खेल के सामान आदि की खरीद ऑनलाइन करते हैं।

2 min read
Jul 12, 2018
Online Shopping
ऑनलाइन खरीदारी में बेंगलुरु ने दिल्ली-मुंबई को पछाड़ा

नई दिल्ली। ऑनलाइन शॉपिंग के मामले में बेंगलुरु ने राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई को पीछे छोड़ दिया है। उद्योग संगठन एसोचैम और रिसर्जेंट इंडिया की ओर से संयुक्त रूप से किए गए एक अध्ययन में कहा गया है कि पिछले साल बेंगलुरु ने ऑनलाइन शॉपिंग के मामले में अन्य सभी शहरों को पीछे छोड़ दिया। मुंबई दूसरे और दिल्ली तीसरे स्थान पर रहा है। बेंगलुरु के 75 फीसदी लोग कपड़ों, उपहारों, पत्रिकाओं, घरेलू उपकरणों, खिलौनों, गहनों, सौंदर्य उत्पादों और खेल के सामान आदि की खरीद ऑनलाइन करते हैं। वहीं, मुंबई और दिल्ली में पिछले साल ऑनलाइन खरीददारी करने वालों की संख्या क्रमश: 68 और 65 फीसदी रही, जिनके इस साल बढ़कर क्रमश: 72 और 68 फीसदी पर पहुंचने की उम्मीद है।

डिजिटल माध्यमों ने बढ़ाई ऑनलाइन शॉपिंग

अध्ययन रिपोर्ट में कहा गया है कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल, लॉजिस्टिक्स के बेहतर बुनियादी ढांचों, ब्रॉडबैंड और इंटरनेट सुविधा वाले डिवाइसों की उपलब्धता बढ़ने से ऑनलाइन शॉपिंग में तेजी से वृद्धि हो रही है। पिछले साल 10 करोड़ लोगों ने ऑनलाइन शॉपिंग की। वर्ष 2020 तक इनकी संख्या बढ़कर 12 करोड़ पर पहुंच जाएगी। वहीं, देश की कुल रिटेल बिक्री इस साल 1,244.58 अरब डॉलर पर बढ़ने की उम्मीद है जो वर्ष 2014 में 717.73 अरब डॉलर थी। इस प्रकार यह 15 फीसदी सालाना की दर से बढ़ रहा है।

तेजी से बढ़ रहा है मोबाइल कॉमर्स

एसोचैम ने कहा है कि मोबाइल कॉमर्स भी तेजी से बढ़ रहा है। इस साल यह और ज्यादा महत्त्वपूर्ण हो जायेगा क्योंकि कंपनियां एम-कॉमर्स की ओर बढ़ रही हैं। अभी कुल ई-कॉमर्स का 30 से 35 फीसदी मोबाइल के जरिए होता है और वर्ष 2020 तक यह प्रतिशत बढ़कर 50 पर पहुंच जाएगा।

ये भी पढ़ें--

Published on:
12 Jul 2018 09:44 pm