गरियाबंद

हैवानियत की हद पार: विधवा को अकेली देखकर घर में घुसा दुष्कर्म में नाकाम रहा, तो जिंदा जलाया

cg crime news : राजधानी के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत से 6 दिन की जंग लड़ते हुए महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस एक्शन में आई।
2 min read
cg crime news

छत्तीसगढ़ गरियाबंद जिला में विधवा से दुष्कर्म में नाकाम सनकी ने मिट्टी तेल छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया। राजधानी के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत से 6 दिन की जंग लड़ते हुए महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस एक्शन में आई। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। लोगों की मांग है कि हत्यारे को सख्त सजा मिलनी चाहिए। घटना के बाद इलाके में महिला सुरक्षा भी बड़ा मुद्दा बनकर उभरा है। मिली जानकारी के मुताबिक, घटना छुरा थाना क्षेत्र की है। यहां पास के ही एक गांव में विधवा अपने बच्चों के साथ रहती थी। उम्र कोई 38 साल के करीब थी। गांव में जिस जगह उसका घर है, वहां आसपास ज्यादा लोग नहीं रहते। कम आबादी वाला इलाका है।


बताते हैं कि इसी इलाके में रहने वाले चंपेश्वर यादव की काफी दिनोंं से विधवा पर नजर थी। घटना वाले दिन गांव में नाचा कार्यक्रम था। शाम को बच्चे वही देखने गए थे। इस दौरान महिला घर में अकेली थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी चंपेश्वर ने बताया कि घटना वाले दिन उसने शराब पी रखी थी। महिला को घर में अकेला देखकर लगा कि यही अच्छा मौका है। वह उसके घर घुस गया। महिला से जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। इस दौरान महिला ने काफी विरोध किया। दुष्कर्म की कोशिश में नाकाम होने के बाद उसे डर था कि महिला गांव के दूसरे लोगों को यह बात बता देगी। पोल खुलने के डर से उसने किचन से केरोसीन निकालकर महिला पर छिड़क दी और उसे जिंदा ही आग में झोककर मौके से फरार हो गया।

लोगों ने जब तक देखा बुरी तरह झुलस चुकी थी

इधर, महिला आग में जलती हुई चीख रही थी। उसकी पुकार सुनकर थोड़ी देर में कुछ लोग आए। मिली जानकारी के मुताबिक लोगों ने जब तक उसे देखा, वह बुरी तरह झुलस चुकी थी। इसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पहले महासमुंद, फिर वहां से रायपुर रेफर किया गया। राजधानी के डीकेएस अस्पताल में तकरीबन 6 दिन इलाज के बाद उसने आखिरी सांसे ली। इधर, सूचना पर पुलिस हरकत में आई। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़वाने में पुलिस की काफी मदद की।

Updated on:
21 Jan 2025 06:45 pm
Published on:
21 Jan 2025 06:43 pm