लॉटरी के नाम पर किया युवक से लाखों की ठगी
राजिम. राजिम पुलिस ने चार सौ बीसी के चार साल पुराने मामले में मध्यप्रदेश के सतना, रीवा, मैहर से 6 आरोपियों को पकड़ा। इन आरोपियों में एक तो मध्यप्रदेश पुलिस का जवान, दूसरा बिड़ला कंपनी में नौकरी करता है, तीसरा कॉलेज में प्रोफेसर है। चौथा मैकेनिकल में डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहा है। शेष दो किसी और जगह नौकरी करते हैं। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि मामला 2014 का है।
राजिम थाना क्षेत्र के सुरसाबांधा निवासी खुमान लाल साहू को छह विभिन्न मोबाइल नंबर से फोन कर बताया गया कि आपके लकी मोबाइल नंबर से एयरटेल कंपनी के में एक होण्डा सिटी कार और 25 लाख का दिवाली इनाम लॉटरी खुला है। फोन में इस तरह के सूचना मिलने पर खुमान साहू फूले नहीं समाया। वे अपने आपको भाग्यशाली समझते हुए इन जालसाजों के चक्कर में पड़ गया। इसके बाद आरोपियों ने 54 बार में 42 खाता नंबरों के माध्यम से 10 लाख 68 हजार 4०० रुपए जमा कराए। मामले में ठगी का आभास होने पर खुमान ने पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया। पुलिस ने अपराध 157.14 के तहत भादवि धारा 420 का प्रकरण दर्ज कर पतासाजी करने लगे।
इस दौरान राजिम थाने से कई थानेदार बदल भी गए, लेकिन आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई। जिले में आए नए एसपी एमआर आहिरे ने पुराने फाइलों को अवलोकन करते हुए देखा कि यह तो बेहद गंभीर मामला है। सो इन्होंने अपने मातहत अफसरों इसमें एएसपी नेहा पाण्डेय, एसडीओपी संजय ध्रुव के मार्गदर्शन में नए पुलिस टीम का गठन किया। आरोपियों को किसी भी हालत में पकडऩे के लिए सख्त निर्देश दिए। एसपी साहब के निर्देश पर पुलिस की टीम मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुई।
जांच के दौरान पुलिस की टीम ने पता लगाया कि 6 खाताधारक लखनऊ-उत्तरप्रदेश, 9 खाताधारक चंडीगढ़-पंजाब, 1 खाताधारक अहमदाबाद-गुजरात, 3 खाताधारक नई दिल्ली, 1 खाता धारक उत्तराखंड, 3 खाताधारक आंध्रप्रदेश तथा 15 खाताधारक मध्यप्रदेश का होना पाया गया। मध्यप्रदेश के खाताधारक में क्र. 322999974010 गुरू प्रसाद पासवान जो कि मैकेनिकल में डिप्लोमा कर रहा है। दूसरा खाताधारक क्र. 33135952849 संजय कुशवाहा जो बिड़ला कंपनी में काम करता है। तीसरा खाताधारक 31739689159 अभिषेक पाण्डेय जो मध्यप्रदेश पुलिस के मैहर में सिपाही है। चौथा खाताधारक 20074034886 आशीष पाठक रीवा-सतना का रहने वाला है। पांचवां खाताधारक 32278658477 प्रमोद चौधरी, छठवां खाताधारक 32876192324 अतुल सिंह परिहार सतना के महात्मा गांधी कॉलेज में प्रोफेसर है।
इन सभी को धारा 420 के अपराध में संलिप्त होना पाए जाने की बात प्रशिक्षु डीएसपी आशीष कुंजाम एवं थाना प्रभारी रविशंकर साहू ने बताया है। पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों के खाता नंबरों का ट्रांजेक्शन डिटेल प्राप्त किया गया है। इसमें प्रार्थी खुमान साहू द्वारा पैसा डाला गया है। इसे इन आरोपियों ने एटीएम के माध्यम से आहरण किया है। पुलिस के सामने इन आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। सभी आरोपी 24 साल से 28 साल के बीच के हैं। इन आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अफसरों ने बताया कि मुख्य आरोपी की तलाश मध्यप्रदेश, पंजाब, यूपी, आंध्रप्रदेश में सरगर्मी से की जा रही है।