CG Suicide Case: मैनपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना की सूचना मिलते ही मैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
CG Suicide Case: मैनपुर विकासखंड मुख्यालय मैनपुर से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बोईरगांव में बीती रात गांव के 26 वर्षीय युवक राजेश ध्रुव ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक ने बीती रात अपने घर के बाहर स्थित इमली के पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सुबह जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि मृतक ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस में जीवन से जुड़ी निराशा व्यक्त करते हुए संदेश लिखा था, जिसके सामने आने के बाद घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं मैनपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना की सूचना मिलते ही मैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मैनपुर थाना क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर आत्महत्या की यह आठवीं घटना बताई जा रही है।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने ग्रामीणों के साथ-साथ प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। लोग इन घटनाओं के पीछे के कारणों की गंभीर जांच और रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। वहीं क्षेत्र में मनोरोग चिकित्सा शिविर लगाए जाने की भी मांग उठ रही है, क्योंकि अधिकतर मामलों में युवा वर्ग के शामिल होने की बात सामने आ रही है।
मानसिक तनाव और अवसाद (डिप्रेशन)
आर्थिक दबाव या बेरोजगारी
पारिवारिक या सामाजिक विवाद
नशे की लत
अकेलापन और संवाद की कमी
चिंताजनक बात यह है कि इन घटनाओं में अधिकतर पीड़ित युवा वर्ग से हैं। यह संकेत देता है कि युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, लेकिन उनके समाधान के लिए पर्याप्त संसाधन और जागरूकता का अभाव है।
अगर कोई व्यक्ति मानसिक तनाव या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो उसे तुरंत अपने परिजनों, दोस्तों या किसी विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। भारत में मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए किरण हेल्पलाइन (1800-599-0019) जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं। मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि साहस है।