
Nazia Elahi Khan Death Threat: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता नाजिया इलाही खान को उनके पर्सनल व्हाट्सएप नंबर पर लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। नाजिया इलाही खान ने बताया कि बुधवार दोपहर 12:36 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 9:16 बजे तक उनके फोन पर खौफनाक वीडियो और धमकियों की झड़ी लग गई। उन्हें एक कथित आतंकवादी का वॉइस नोट भी प्राप्त हुआ है, जिसमें सिर तन से जुदा करने और गला रेतकर कटे हुए सिर से फुटबॉल खेलने की बात कही गई है।
धमकी देने वाले अपराधी नाजिया की हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। नाजिया इलाही खान ने मीडिया से बातचीत में खुलासा किया कि धमकी देने वाले व्यक्ति को उनकी गाड़ी के रंग, रहने के स्थान और उनके पल-पल के मूवमेंट की पूरी सटीक जानकारी है। इस गंभीर खतरे को देखते हुए नाजिया ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने के थानाध्यक्ष (SHO) को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा बढ़ाने, मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करने और त्वरित कानूनी जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
गौरतलब है कि नाजिया इलाही खान हाल के दिनों में अपने उस बड़े बयान को लेकर सुर्खियों में आई थीं, जिसमें उन्होंने सनातन धर्म में वापसी करने की घोषणा की थी। उन्होंने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि उनके पूर्वज हिंदू थे और वह अपनी जड़ों की ओर लौट रही हैं। उनके इस फैसले के बाद से ही उन्हें कट्टरपंथियों की ओर से लगातार निशाना बनाया जा रहा है और धमकियां मिल रही हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर नाजिया इलाही खान के समर्थन में उतर आए हैं। बीजेपी विधायक ने नाजिया को पूरा संरक्षण देने का आश्वासन दिया है और पुलिस-प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की राष्ट्रविरोधी और आक्रामक मानसिकता वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए। फिलहाल, इंदिरापुरम पुलिस शिकायत के आधार पर नंबर को सर्विलांस पर रखकर जांच शुरू कर चुकी है।