
सिंगर सुनील लोधी। फोटो सोर्स-IANS
Hanuman Ansh: फिल्म ‘हनुमान अंश’ का गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान…’ इन दिनों लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है। इस भजन को अपनी आवाज देने वाले मध्य प्रदेश के सागर जिले के नेत्रहीन गायक सुनील लोधी भी लगातार चर्चा में हैं। शनिवार को सुनील लोधी गाजियाबाद नगर निगम कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय भगवान हनुमान की कृपा को दिया।
सुनील लोधी मध्य प्रदेश के सागर जिले के अगरा गांव के रहने वाले हैं। वह जन्म से ही दृष्टिबाधित हैं। संगीत के प्रति उनका लगाव बचपन से ही रहा। करीब नौ साल की उम्र में उन्होंने गांव के बुजुर्गों के साथ बैठकर तंबूरा बजाना सीखा। इसके बाद उन्होंने बुंदेली लोकगीतों और भजनों को अपनी आवाज देना शुरू कर दिया। सुनील लोधी कहते हैं, "मैं यह गाना बचपन से गा रहा हूं… इस भजन को गाने के बाद मुझे कई ऑफर मिले। आने वाले समय में मैं अपने दर्शकों के लिए अच्छे गाने लाने की कोशिश करूंगा। फिल्म का हिट होना पूरी तरह से हनुमान जी की कृपा है…"
सुनील के मुताबिक, बचपन से ही उनकी भगवान हनुमान में गहरी आस्था रही है। इसी आस्था के साथ उन्होंने लगातार भजन गाए और गांव-गांव में अपनी आवाज के जरिए लोगों तक पहुंचे।
सुनील लोधी के संगीत सफर में वर्ष 2019 के बाद बड़ा बदलाव आया। उनके मामा रोहित साहू ने सुनील द्वारा गाए जाने वाले लोकगीतों और भजनों की रिकॉर्डिंग कर उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करना शुरू किया। इसी दौरान सुनील का भजन ‘मोरे संकट के कटैया हनुमान’ लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ। सोशल मीडिया पर इस भजन को करोड़ों लोगों ने देखा और सुना। इसके बाद सुनील की आवाज उनके गांव और आसपास के इलाके से निकलकर बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचने लगी।
सुनील लोधी के लिए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का गीत उनके संगीत करियर में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई…’ गीत के जरिए उनकी आवाज फिल्मी दर्शकों तक पहुंची और उन्हें नई पहचान मिली। सुनील ने बताया कि इस गीत के बाद उन्हें अन्य फिल्मों में भी गाने के प्रस्ताव मिलने लगे हैं। ऐसे में आने वाले समय में उनकी आवाज कई और फिल्मी गीतों में सुनाई दे सकती है।
सुनील लोधी के लिए यह सफर किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि गांव में बैठकर गाए जाने वाले उनके भजन एक दिन इतने बड़े स्तर पर लोगों तक पहुंचेंगे और उन्हें फिल्मों में गाने का अवसर मिलेगा। वह अपनी इस सफलता को भगवान हनुमान का आशीर्वाद मानते हैं। सुनील का कहना है कि उन्होंने हमेशा भक्ति और संगीत को अपने जीवन का हिस्सा बनाया और आज जो पहचान मिली है, उसके पीछे भगवान हनुमान की कृपा है।
Updated on:
19 Sept 2026 03:19 pm
Published on:
19 Sept 2026 02:59 pm
