
Influencer Haji Salman Arrest: भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को अपशब्द बोलने के मामले में आरोपी हाजी सलमान को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। सलमान पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। स्वाट टीम और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे चित्तौड़गढ़ से पकड़ा। हाजी सलमान पर आरोप है कि उसने लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था और उनकी टांग तोड़ने की धमकी दी थी।
हाजी सलमान लोनी के गोरी पट्टी इलाके का रहने वाला है। पुलिस टीम को राजस्थान में उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद स्वाट टीम और क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की। पुलिस ने सलमान को चित्तौड़गढ़ के बीजयपुर इलाके से पकड़ा। विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल से जुड़े मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी।
हाजी सलमान का एक वीडियो 2 दिन पहले सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। वीडियो में उसने लोनी के BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। वीडियो में उसने विधायक को लंगड़ा कहते हुए उनकी दूसरी टांग भी तोड़ने की धमकी दी थी।
सलमान के पकड़े जाने के बाद उसके अधिवक्ताओं और परिजनों ने उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उसके अधिवक्ता नदीम अख्तर ने बीजयपुर पुलिस थाने को ईमेल भेजकर शिकायत की है। शिकायत में आशंका जताई गई है कि सलमान को फर्जी पुलिस मुठभेड़ में नुकसान पहुंचाया जा सकता है। इसके साथ ही उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। अधिवक्ता ने हिरासत की जगह, समय और कारण से संबंधित जानकारी सुरक्षित रखने की भी मांग की है। इसके अलावा सलमान के आवागमन से जुड़े डिजिटल और CCTV रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की बात कही गई है।
शिकायत में हिंदू रक्षा दल से संबंधित गतिविधियों को लेकर पूर्व में हुए विवाद का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही सलमान के मामले में विशेष सावधानी बरतने का अनुरोध किया गया है।
अब क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम हाजी सलमान से पूछताछ करेगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ कथित अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल के पीछे किसी का इशारा या सहयोग था या नहीं। इसके अलावा पुलिस इस पूरे प्रकरण में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाएगी।