
Viral video: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र में दबंगई का एक मामला सामने आया है। यहां कुछ बदमाशों ने एक छात्र को बेरहमी से पीटते हुए वीडियो बनाया और उसको इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। ये वीडियो 16 सेकंड का है जिसमें देखा जा सकता है कि लगभग 4-5 बदमाश एक युवक को लाठी और बेल्ट से पीट रहे हैं। युवक खुद को बचाने के लिए लगातार मिन्नतें कर रहा है लेकिन बदमाशों पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। वे छात्र पर ताबड़तोड़ वार करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यह घटना कोतवाली के निकट एक स्कूल के बाहर दिल्ली-मेरठ मार्ग की बताई जा रही है। आफिसियल तरूण जाटव फफराना के अकाउंट से वीडियो को इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक एक छात्र को घेरकर थप्पड़ लाठी और बेल्ट से मार रहे हैं और उसके साथ गाली-गलौज भी कर रहे हैं।
पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। हालांकि एसीपी का कहना है कि अभी तक इस मामले में किसी ने शिकायत नहीं की है शिकायत करने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।