27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Meerut News : छत पर खड़ी युवती को लगी गोली; शादी में ‘हर्ष फायरिंग’ से मची अफरा-तफरी

Meerut News: मेरठ के खरखौदा में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों को दहशत में बदल दिया। बारात के स्वागत के समय चली गोली छत पर खड़ी युवती को जा लगी। पुलिस की मौजूदगी में जैसे-तैसे दुल्हन की विदाई कराई गई।

2 min read
Google source verification

मेरठ

image

Avaneesh Kumar Mishra

image

Namrata Tiwary

Feb 06, 2026

harsh firing incident

प्रतीकात्मक तस्वीर- एआइ

Meerut News : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से हर्ष फायरिंग का एक मामला सामने आया है। यहां खरखौदा क्षेत्र में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदलने से बाल-बाल बचीं, जब बारात के स्वागत (चढ़त) के दौरान चली गोली एक युवती को जा लगी। इस घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और पुलिस की सुरक्षा के बीच दुल्हन की विदाई संपन्न हुई।

बारात के स्वागत के दौरान चली गोली

खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव फखरपुर कबट्टा निवासी सुनील शर्मा की बेटी संध्या की बुधवार रात बारात आई थी। रात करीब 10:30 बजे जब बारात मुख्य द्वार की ओर बढ़ रही थी और नाच-गाना चल रहा था, तभी कुछ उत्साह से भरे बारातियों ने बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली सीधे पड़ोस के घर की छत की तरफ चली गई जहां पर बारात देखने के लिए लोग इकट्ठे हुए थे।

छत पर खड़ी युवती हुई लहूलुहान

बारात का स्वागत और नाच-गाना चल रहा था, पास के घर की 21 वर्षीय युवती जेसिका शंकर छत पर खड़े होकर समारोह देख रही थी। अचानक चली गोली सीधे जेसिका के कंधे को छूकर निकल गई, जिसके बाद वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी। युवती की चीख पुकार सुनकर परिजन तुरंत छत पर पहुंचे और उसे घायल अवस्था में जगदंबा अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से युवती की जान बच गई है और वह खतरे से बाहर है।

पुलिस की नाकामी पर उठे सवाल

सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेशों के बावजूद मेरठ में हर्ष फायरिंग की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। इससे पहले भी नवंबर 2025 में एक किशोरी की ऐसी ही घटना में मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के कारण लोग सरेआम लाइसेंसी और अवैध हथियारों का प्रदर्शन करते हैं। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा और सुरक्षा के बीच ही शादी की बाकी रस्में पूरी कराई गईं।

अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। हालांकि, घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला है, जिससे आरोपी की पहचान तुरंत हो सके। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि जिस हथियार से गोली चली वह लाइसेंसी था या अवैध। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।