-विजय पाल सिंह तोमर ने मीडिया से रूबरू होते हुए किसानों के लिए कई अन्य घोषणाएं की हैं -मोदी सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग में किसानों के लिए पेंशन योजना का ऐलान हुआ है।
गाजियाबाद। केंद्र में मोदी सरकार दोबारा बनते ही भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और सभी मंत्रियों ने अपने अपने क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाने का जिम्मा ले लिया है। जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सांसदों को निर्देशित किया था। इसी कड़ी में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद विजय पाल सिंह तोमर ने गाजियाबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इस दौरान विजय पाल सिंह तोमर ने मीडिया से रूबरू होते हुए किसानों के लिए कई अन्य घोषणाएं की हैं। एक तरफ जहां मोदी सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग में किसानों के लिए पेंशन योजना का ऐलान हुआ है। तो वहीं विजय पाल सिंह तोमर ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के किसानों को जहां जहां बिजली की समस्या है उसे जल्द सुलझा दिया जाएगा। गन्ना किसानों का भुगतान भी जल्द से जल्द करवाया जाएगा। किसी भी किसान को गन्ने के भुगतान के लिए अब परेशान नहीं होना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार में पहले भी काफी भुगतान कराया गया है। लेकिन आने वाले दिनों में राज्य सरकार इस पर और ज्यादा सख्ती करेगी। जिससे किसानों को नुकसान ना हो पाए। विजय पाल सिंह तोमर ने पश्चिमी बंगाल की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राज्य सरकारें किसान विरोधी काम कर रही हैं। जिनमें बंगाल की सरकार मुख्य रूप से किसान विरोधी कार्य कर रही है। जो किसान सम्मान योजना के डाटा उपलब्ध नहीं करा रही थी। इस वजह से कई किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छोड़कर बाकी सभी सरकार किसान विरोधी काम कर रही हैं। साल 2022 तक किसानों की आय दोगुनी कर दी जाएगी। भारत के किसान शुरू से ही अन्नदाता कहलाए जाते हैं और प्रदेश एवं देश को पेट भरने के लिए भोजन किसान द्वारा ही मिल पाता है। इसलिए सबसे पहले किसानों का मजबूत होना अति आवश्यक है। किसानों के लिए और भी तमाम ऐसी कई योजनाओं को लाया जाएगा जिससे भारतवर्ष के किसान खेती करने में रुचि बढ़ाएं। सरकार द्वारा किसानों को मिलने वाली सभी सुविधाओं को सीधे किसानों तक पहुंचाया जाएगा, क्योंकि कई बार सरकार से मिलने वाली सभी सुविधा किसानों तक नहीं पहुंच पाती हैं। इसलिए इस बार इस बात का खास ख्याल रखा जाएगा।