गाज़ियाबाद

मैं आर्मी का जवान…मैनेजर छुट्टी नहीं देता…लड़कियों के सामने डांटता इसीलिए मार डाला

Ghaziabad Manager Murder Case : गाजियाबाद में सिक्योरिटी गार्ड रवींद्र हुड्डा ने बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा की हत्या कर दी थी। गार्ड ने कहा...मैं आर्मी का जवान हूं, मुझे अपमान बर्दाश्त नहीं।

2 min read
गार्ड रवींद्र हुड्डा ने की थी मैनेजर की हत्या, PC-Patrika

गाजियाबाद : गाजियाबाद में एक बैंक मैनेजर की सिक्योरिटी गार्ड ने गोली मारकर हत्या कर दी। छुट्टी मांगने को लेकर गार्ड और बैंक मैनेजर के बीच विवाद हुआ था। तैश में आकर सिक्योरिटी गार्ड ने बैंक मैनेजर की केबिन में ही गोली मारकर हत्या कर दी।

मामला गाजियाबाद के पंजाब एंड सिंध बैंक का है। यहां बागपत का रहने वाला रविंद्र हुड्डा सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। रविंद्र की उम्र 48 साल है और वह EX- आर्मी मैन है। रविंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें

सिपाही भाइयों ने अस्पताल में घुसकर बहन के प्रेमी को मारी सिर में गोली, AMU के छात्रनेता का है भाई

जानें रविंद्र ने क्या कहा…

मैंने 21 साल तक सेना में रहकर देश सेवा की। देश की सीमाओं पर तैनात रहा। अब मैं जब रिटायर्ड हो गया तो मैं यहां बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने लगा। मैनेजर मेरे से 14 साल छोटा था। वह मुझसे तू-तड़ाक करके बात करता। महिला कर्मचारियों के सामने डांट देता। मेरे को बोलता तू इधर आना…गार्ड साहब भी तो बोल सकता था। मुझसे ये सब बर्दाश्त नहीं हुआ और इसी वजह से मैंने उसकी हत्या कर दी।

अब जानिए सोमवार को क्या हुआ…

सोमवार को गार्ड रवींद्र हुड्डा ड्यूटी पर नहीं आया। मैनेजर अभिषेक शर्मा 10 बजे अपने ऑफिस पहुंचे। मैनेजर ने 10.10 पर गार्ड को आवाज लगाई तो पता चला कि गार्ड नहीं आया है। मैनेजर अभिषेक शर्मा ने गार्ड को फोन मिलाया, लेकिन पहली बार में फो नहीं उठा। तुरंत ही दूसरी बार फिर से अभिषेक शर्मा ने फोन किया। इस बार बातचीत हुई। अभिषेक शर्मा ने गार्ड से पूछा आए क्यों नहीं। तो गार्ड ने जवाब दिया कि आपको शनिवार को तो बताया था कि मैं सोमवार को छुट्टी पर रहूंगा। इस बीच दोनों की फोन पर ही गहमा गहमीं हो गई।

बैंक मैनेजर ने गार्ड रवींद्र को तुरंत बैंक आने के लिए बोला। गार्ड भी बोला ठीक है आता हूं। गार्ड रवींद्र ने अपने नौकर से कहा चलो चलते हैं बैंक में कुछ काम है। दोनों बैंक पहुंचे। यहां गार्ड रवींद्र हुड्डा मैनेजर के केबिन के अंदर गया और दोनों के बीच विवाद हो गया। गार्ड ने अपनी बंदूक से मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी।

शराब पीने का आदी है रवींद्र

बैंक के कर्मचारियों का कहना है कि गार्ड रवींद्र शराब का आदी था। वह अक्सर शराब पीकर किसी से कुछ भी बोल देता था। कई बार वह सुबह के समय लेट आता। छुट्‌टी भी ज्यादा लेता था। बैंक में एक ही गार्ड था। जिस दिन नहीं आता, तो बैंक मैनेजर कॉल करते थे।

कहता शराब मुझे पीने के लिए मिलती

गार्ड रविंद्र अपने गांव में खेती करता था, इससे पहले एक सिक्योरिटी कंपनी में बागपत में भी नौकरी कर चुका है। दिन में भी कई बार शराब पीकर गांव में घूमता था। गांव में रविंद्र का दो मंजिला आलीशान घर है, आर्मी से पेंशन आती है। कई बार वह कहता था कि शराब हमें मिलती है, तो पीते हैं। गांव में भी कई बार शराब पीकर झगड़ा कर चुका है।

Updated on:
17 Mar 2026 06:48 pm
Published on:
17 Mar 2026 06:47 pm
Also Read
View All

अगली खबर