
Nandgram Firing Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए नंदग्राम थाने के बिल्कुल नजदीक 100 फुटा रोड पर दिनदहाड़े गैंगवार और सरेराह गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक होटल पर खाना खाने आए तरुण नामक छात्र पर बाइक सवार पांच हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली तरुण के सीधे हाथ की बाजू में जा धंसी। पुलिस ने लहूलुहान हालत में छात्र को पास के एमएमजी (MMG) अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एसीपी नंदग्राम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह वारदात शुक्रवार दोपहर की है। दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच युवकों का होटल पर मौजूद तरुण और उसके साथियों से किसी बात को लेकर विवाद और गाली-गलौज हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुट बीच सड़क पर ही आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर पथराव हुआ। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने अपनी पिस्टल निकालकर तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग की, जिसमें से एक गोली तरुण को लग गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष पहले से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके बीच पुराना विवाद चल रहा था। थाने के इतने करीब हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी हैं और दावा किया है कि जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपडेट जारी है...