
UP Police Encounter: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में 14 अगस्त की रात पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, पांच-छह पुलिया के पास चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार करण उर्फ कान्हा और शाहरुख पुलिस टीम को देखकर भागने लगे।
पीछा करने के दौरान बाइक फिसल गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
तलाशी में दोनों के पास से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखे, पीली धातु का एक टुकड़ा और बिना नंबर की पैशन प्रो बाइक बरामद हुई है।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने इंदिरापुरम और दिल्ली-NCR में स्नेचिंग की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। करण उर्फ कान्हा के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि शाहरुख पर करीब छह मामले दर्ज हैं।
उधर, फिरोजाबाद के सिरसागंज में दो दिन पहले ज्वेलर्स के शोरूम से सोने की चेन लूटने के आरोपी अभिषेक की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 11 ग्राम की लूटी गई सोने की चेन, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। लूट में इस्तेमाल सफेद रंग की नेक्सॉन कार भी पुलिस ने बरामद की है।
इस मामले में पुलिस आरोपी के साथी ईशू को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, शोरूम में हुई वारदात के CCTV फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई थी। घायल अभिषेक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनसे जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।