मुख्य बिंदु महिला ने हाेश आने पर पुलिस काे दी शिकायत बदमाशाें का पता लगाने में जुटी पुलिस
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में मॉर्निंग वॉक करना भी सुरक्षित नहीं हैं। इसकी वजह बदमाशों द्वारा मॉर्निंग वॉक करने वाली महिलाओं को अपना निशाना बनाना है। दरअसल रविवार को मॉर्निंग वॉक कर रही महिला को बदमाशों ने ऐसी चीज सुंघाई की वह बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद बदमाश उनके गले सोने की चेन, अंगूठी लूटकर फरार हो गये। होश आने पर महिला ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
मॉर्निंग वॉक कर रही थी महिला
जानकारी के अनुसार थाना सिहानी गेट इलाके की भूखना मोड़ सुभाष नगर स्थित कॉलोनी में कमला देवी अपने परिवार के साथ रहती है। वह रोज की तरह रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। तभी अचानक ही बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उन्होंने महिला को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जिसके बाद महिला बेहोशी की हालत में हो गई। इससे वह सड़क किनारे बैठ गई। इस दौरान बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन और हाथ अंगूठी निकाल ली। पीडि़ता जब तक कुछ समझ पाती बदमाश फरार हो गये।
महिला ने होश आने पर किया ये काम
जब महिला को होश आया, तो उसने आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला द्वारा बताए गए बदमाशों के हुलिया के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। बहरहाल लगातार बढ़ती आपराधिक वारदातों को देखते हुए ऐसा लगता है कि बदमाशों के अंदर पुलिस का खौफ खत्म हो गई है।