गोंडा में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से पांच चोरी की बाइक बरामद हुईं। आरोपी मास्टर चाबी से बाइक चुराकर चार हजार रुपये में बेचते थे।
गोंडा जिले में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। छपिया थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान नगरा खुर्द तिराहे के पास से इन आरोपियों को पकड़ा जिनके कब्जे और निशानदेही से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है। जो लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
गोंडा में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी मनकापुर उदित नारायण पालीवाल के नेतृत्व में छपिया थाना पुलिस टीम ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेन्द्र बहादुर सिंह उर्फ छोटू, मंगरू चौहान और धनंजय के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें नगरा खुर्द तिराहे के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा। इनके पास से मौके पर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर बभनान रेलवे स्टेशन गोदाम के पास छिपाकर रखी गई। दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह एक संगठित वाहन चोर गिरोह है। जो बाजार, रेलवे स्टेशन और सुनसान जगहों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की पहले रेकी करता था। इसके बाद मास्टर चाबी की मदद से चोरी की वारदात को अंजाम देता था। गिरोह में नरेन्द्र, मंगरू और धनंजय के अलावा अवनीश गुप्ता और विशाल चौधरी भी शामिल हैं। जो फिलहाल फरार हैं। आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की गई। मोटरसाइकिलों को विशाल चौधरी को करीब 4 हजार रुपये प्रति बाइक के हिसाब से बेच दिया जाता था। नरेन्द्र के पास से बरामद 2100 रुपये भी पूर्व में की गई चोरी की घटना का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
घटना के दिन भी आरोपी तीन मोटरसाइकिल बेचने जा रहे थे। तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। छपिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।