28 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रेम विवाह बना मौत की वजह? गोंडा हत्याकांड में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें में गठित

Gonda Murder Case: गोंडा के वजीरगंज थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह से उपजी पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। 35 वर्षीय आजाद सिंह का शव सड़क किनारे मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। हत्या के आरोप में नामजद आरोपी की तलाश के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
2 min read
Google source verification
घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस फोटो सोर्स पत्रिका

घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस फोटो सोर्स पत्रिका

गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह से जुड़े पुराने विवाद ने एक युवक की जान ले ली। शनिवार रात 35 वर्षीय आजाद सिंह का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग के बाद चली आ रही रंजिश से जुड़ा सामने आया है। हत्या के आरोप में एक रिश्तेदार का नाम सामने आया है। जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

गोंडा के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुर्जनपुर घाट ग्राम पंचायत के चाचा पुरवा गांव निवासी 35 वर्षीय आजाद सिंह का शव शनिवार देर रात सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक के गले और पेट पर किसी धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रेम विवाह को लेकर चली आ रही पुरानी दुश्मनी को वजह माना जा रहा है।

प्रेम विवाह की रंजिश में हुई हत्या

जानकारी के मुताबिक, करीब डेढ़ वर्ष पहले आजाद सिंह ने गांव की ही युवती पिंकी सिंह से प्रेम विवाह किया था। इस शादी के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव पैदा हो गया था। विवाह के बाद आजाद अपने गांव से अलग होकर पत्नी के साथ नवाबगंज क्षेत्र में रहने लगा था। उसके परिवार के अन्य सदस्य भी गांव से बाहर रहते हैं, जबकि उसकी मां गांव में अकेली रहती हैं।

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम आजाद दुर्जनपुर बाजार में देखा गया था। बताया जा रहा है कि वह कुछ लोगों के साथ समय बिताने के बाद चिलमपुर गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना कुछ लोगों से हुआ। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी फरार

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जबकि उसकी पत्नी की भी तलाश की जा रही है। ताकि उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गई

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि वजीरगंज पुलिस को सूचना मिली कि दुर्जनपुर गांव के चाचा पुरवा में अजीत सिंह नामक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल कर दिया गया है। इस सूचना पर वजीरगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।