Gonda News: शरद कालीन गन्ने की बुआई शुरू हो चुकी है। किसान बंपर उत्पादन के लिए इन अगेती प्रजातियों की बुआई करके बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं। शरद कालीन गन्ने की बुआई के साथ सहफसली की खेती कर दोहरा लाभ ले सकते हैं।
Gonda News: किसान गन्ने के साथ सहफसली की खेती कर सकते हैं। अक्टूबर और नवंबर माह में शरद कालीन गन्ने की बुआई होती है। इस दौरान किसान गन्ने के साथ सरसों की बुवाई कर सकते है। अधिकांश किसान गन्ने के साथ सहफसली की खेती कर बेहतर मुनाफा कमा रहे हैं। उप गन्ना आयुक्त ने शुक्रवार को शरद कालीन गन्ने की बुआई का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से अगेती प्रजाति के गन्ने की बुआई करने की अपील करते हुए कहा कि इससे किसान और चीनी मिल दोनों को फायदा मिलेगा।
Gonda News: गोंडा जिले के बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड कुंदरखी चीनी मिल परिक्षेत्र के करनैलगंज समिति के गांव बिशनपुर कला में कृषक तहसीलदार सिंह व राम सिंह के प्लाट में हो रही शरद कालीन गन्ना बुवाई उप गन्ना आयुक्त डा. आर.बी. राम एवं बजाज कुंदरखी चीनी मिल के यूनिट हेड पी.एन. सिंह की मौजूदगी में शुरू की गई।
इस मौके पर उप गन्ना आयुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है। किसान अगेती प्रजाति के गन्ने की बुआई कर अधिक उत्पादन ले सकते हैं।
उप गन्ना आयुक्त किसान भाइयों से अपील किया कि अधिक से अधिक क्षेत्रफल में अगेती प्रजाति जैसे को. 0118, 98014, 15023 व 14201 गन्ने की बुआई करें। इससे किसान भाइयों एवम चीनी मिल को अधिक आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। वहीं बजाज चीनी मिल के इकाई प्रमुख पी.एन. सिंह ने कहा कि बजाज चीनी मिल सदैव किसानों की हितैषी रही है। चीनी मिल द्वारा समय समय पर किसानहितों को लेकर विभिन्न आयोजन किए जाते हैं। उन्होने बताया कि पेराई सत्र 2024-25 की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पेराई के दौरान किसानों की समस्या के समाधान हेतु किसान समस्या समाधान केंद्र व कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। जिसमें गन्ना पेराई के दौरान किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना एके त्रिपाठी सहित चीनी मिल के तमाम अधिकारी व कर्मचारी सहित दर्जनों कृषकगण मौजूद रहे।