गोंडा

Petrol Diesel Price Hike: गोंडा में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, पश्चिम एशिया युद्ध का असर अब जनता की जेब पर

Petrol-Diesel Price Today: गोंडा समेत देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ गए हैं। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से आम जनता पर महंगाई का दबाव बढ़ने लगा है। ईंधन महंगा होने से ट्रांसपोर्ट, राशन और रोजमर्रा की चीजों की कीमतें बढ़ने की आशंका भी तेज हो गई है।
2 min read
May 15, 2026
सांकेतिक फोटो जेनरेट AI
सांकेतिक फोटो जेनरेट AI

Petrol Diesel Price Hike: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईंधन आपूर्ति पर पड़े असर का प्रभाव अब आम लोगों की जेब तक पहुंच गया है। शुक्रवार सुबह से गोंडा समेत पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी गई। लंबे समय बाद सरकारी तेल कंपनियों ने दाम बढ़ाए हैं। जिससे परिवहन से लेकर रोजमर्रा की चीजों तक महंगाई बढ़ने की आशंका तेज हो गई है।

सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार सुबह छह बजे से पेट्रोल और डीजल के नए रेट लागू कर दिए। गोंडा में पेट्रोल की कीमत अब करीब 97.54 रुपये प्रति लीटर के आसपास पहुंच गई है। जबकि डीजल के दाम भी 90.83 रुपये प्रति लीटर के करीब दर्ज किए जा रहे हैं। पिछले कई दिनों से कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों और पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात को देखते हुए दाम बढ़ने की संभावना जताई जा रही थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। इसी वजह से सरकारी कंपनियों ने भी आखिरकार कीमतों में इजाफा कर दिया। इससे पहले निजी कंपनियां अपने स्तर पर रेट बढ़ा चुकी थीं। लेकिन अब सरकारी दरें बढ़ने से आम उपभोक्ताओं पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है।

पिछले एक सप्ताह से स्थिर रहे पेट्रोल डीजल के दाम

गोंडा में पिछले एक सप्ताह से पेट्रोल के दाम लगभग स्थिर बने हुए थे। 8 मई से 14 मई तक पेट्रोल करीब 94.99 रुपये प्रति लीटर पर बना रहा। लेकिन नई बढ़ोतरी के बाद लोगों को अब ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी। डीजल की कीमतों में भी समान बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

अन्य जरूरी सामानों की कीमत बढ़ाने के आसार

ईंधन महंगा होने का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से सब्जियों, राशन और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी उछाल आ सकता है। ऐसे में लोगों के बीच यह चिंता बढ़ रही है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम में और बढ़ोतरी हो सकती है।

Updated on:
15 May 2026 11:55 am
Published on:
15 May 2026 11:55 am