School Holidays October 2025: अक्टूबर का महीना छुट्टियों और पर्व-त्योहारों से भरा हुआ है। इस महीने में नवरात्रि की समाप्ति से लेकर धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा और छठ पूजा तक कई बड़े त्योहार मनाए जाएंगे। परंपरा और उल्लास से भरपूर यह महीना बच्चों और परिवारों के लिए खास रहने वाला है। आइए जानते हैं कि अक्टूबर 2025 में स्कूल कब-कब बंद रहेंगे।
School Holidays 2025: वर्ष 2025 में अक्टूबर महीने की शुरुआत छुट्टियों से हो रही है। अक्टूबर के पहले दिन यानी 1 अक्टूबर को महानवमी का पर्व मनाया जाएगा। इस महीने कई पर्व और त्योहार पड़ रहे हैं। इस महीने का सबसे बड़ा त्योहार दीपावली है। 20 अक्टूबर 2025 को दीपावली मनाई जाएगी। इसके अलावा महीने भर में कई अवकाश पड़ रहे हैं।
School Holidays: 1 अक्टूबर को महानवमी का पर्व है। इस दिन शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश रहता है। इसके अगले दिन 2 अक्टूबर को दशहरा और गांधी जयंती एक साथ पड़ रही है। विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। वहीं गांधी जयंती राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर मनाई जाती है। इन दोनों कारणों से 2 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की जयंती 7 अक्टूबर को मनाई जाएगी। इस दिन शोभायात्रा, धार्मिक आयोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। यूपी सरकार ने इस दिन छुट्टी घोषित की है। जिसके चलते स्कूल बंद रहेंगे।
धनतेरस को दीपावली की शुरुआत माना जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि और मां लक्ष्मी की पूजा होती है। सोना-चांदी, बर्तन खरीदने की परंपरा भी इसी दिन निभाई जाती है। दिवाली की तैयारियों के कारण स्कूलों में इस दिन छुट्टी होती है।
दीपावली का पर्व पूरे भारत में हर्षोल्लास से मनाया जाता है। घरों में दीपक जलाए जाते हैं, रंगोली बनाई जाती है और आतिशबाजी होती है। इस दिन माता लक्ष्मी की पूजा होती है। 20 अक्टूबर को दिवाली के मौके पर देशभर के स्कूलों में अवकाश रहेगा।
दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा होती है। यह पर्व भगवान कृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ग्रामीणों की रक्षा करने की याद में मनाया जाता है। सामूहिक भंडारा और पूजा-पाठ होते हैं। इस दिन भी स्कूल बंद रहते हैं।
भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने वाला पर्व भाई दूज 23 अक्टूबर को है। इस दिन बहनें भाइयों की लंबी उम्र की कामना करती हैं। भाई उन्हें उपहार देते हैं। पारिवारिक पर्व होने के कारण इस दिन भी स्कूलों में छुट्टी रहेगी।
इनके अलावा अलग-अलग जिलों में स्थानीय त्योहारों, मेलों या रीति-रिवाजों के आधार पर भी छुट्टियां घोषित की जाती हैं। कई बार अचानक खराब मौसम जैसे अधिक बारिश, कोहरा या ठंड की स्थिति में भी जिला प्रशासन अवकाश की घोषणा करता है।