गोरखपुर में रविवार की सुबह एंबुलेंस और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत में एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हैं। ये सभी शव लेकर लखनऊ से मधुबन जा रहे थे।
रविवार की सुबह गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थानाक्षेत्र के राम-जानकी मार्ग पर गायघाट गांव के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एम्बुलेंस में शव लेकर जा रहे लोगों को ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में एंबुलेंस सवार दो की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय स्वाति को स्वास्थ्य केंद्र पर ले गई जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मऊ जिले के मधुबन कस्बे के सत्येंद्र प्रसाद के पिता जगलाल प्रसाद का लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। परिजन एंबुलेंस से उनका शव लेकर लखनऊ से मधुबन जा रहे थे।
रविवार सुबह छः बजे एंबुलेंस बड़हलगंज क्षेत्र के गायघाट गांव के पास पहुंची थी कि तभी बड़हलगंज की तरफ से जा रहे ट्रेलर की उससे भीषण टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई। आसपास के लोग पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से बाहर निकाला गया।
भीषण टक्कर से मौके पर ही लालबहादुर व तारा देवी की मौत हो गई। जबकि सत्येंद्र प्रसाद, लक्ष्मी देवी पत्नी सत्येंद्र प्रसाद, स्वाति पुत्री सत्येंद्र प्रसाद, शौर्य पुत्र सत्येंद्र प्रसाद, सात्विक पुत्री सत्येंद्र प्रसाद, अनीता राय पत्नी विनोद राय व बाराबंकी निवासी चालक जहांगीर घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। घटना की सूचना के बाद एसडीएम प्रशांतवर्मा, सीओ मनोज कुमार व नायब तहसीलदार जयप्रकाश ने अस्पताल पहुंच कर जानकारी ली।