गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में विवाद में हुई हत्या पर एसएसपी गोरखपुर ने जांच में थाने के दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी को लापरवाही का दोषी पाया।
मंगलवार को गोरखपुर में गीडा इलाके के अमटौरा गांव में रास्ते के विवाद में हुई हत्या के मामले में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो गई। SSP डॉ. गौरव ग्रोवर ने घटना में लापरवाही बरतने पर गीडा थाने पर नियुक्त तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। SSP ने बुधवार की रात को थाने पर तैनात दरोगा अजय राज यादव, आरक्षी जितेंद्र यादव और आशीष वर्मा को सस्पेंड किया है।
बता दें कि अमटौरा गांव में दो दिन से चल रहे रास्ते के विवाद में मंगलवार को शिवधनी साहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गीडा पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लग रहा था। पीड़ित परिवार और गांव के लोगों का आरोप है कि घटना के पहले पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई थी, जिसके कारण यह घटना हुई। थानेदार भी इस मामले को लटकाए रखे।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए SSP खुद घटना के तत्काल बाद मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की थी। SSP ने इस मामले में जांच के निर्देश दिए थे। जांच में पुलिसवालों की लापरवाही सामने आने के बाद तत्काल SSP ने तीन पुलिसवालों को सस्पेंड कर उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।