गोरखपुर में एक थाने से हैरान करने वाली खबर आई है, यहां एक दारोगा पर रिश्वत लेने का और पिटाई करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने SSP से न्याय की गुहार लगाई है।
गोरखपुर में एक दारोगा पर गंभीर आरोप लगा है, इससे एक बार फिर गोरखपुर पुलिस पर दाग लगा है। जानकारी के मुताबिक बड़हलगंज थाना क्षेत्र में एक सब इंस्पेक्टर पर पति-पत्नी के विवाद में युवक से मारपीट और 50 हजार की रिश्वत लेने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक ने SSP गोरखपुर से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक खड़ेसरी गांव निवासी बबलू सोनकर का आरोप है कि उनकी पत्नी विद्या देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। बीमारी की स्थिति में उन्होंने बबलू के खिलाफ थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी।
इसी मामले में 27 जनवरी 2026 को उपनिरीक्षक अनुराग कुमार सिंह ने बबलू को फोन कर थाने बुलाया था। बबलू ने बताया कि थाने पहुंचने पर रात करीब 9 बजे सब इंस्पेक्टर अनुराग सिंह ने उसे गालियां देते हुए बेरहमी से पीटा, इससे उसकी पीठ में भी चोटें आई हैं।
आरोप तो यहां तक है कि उसे गंभीर मुकदमों में फंसाने तथा जेल भेजने की धमकी दी गई। पीड़ित ने बताया कि सब इंस्पेक्टर ने उन्हें छोड़ने के बदले 50 हजार की मांग की। भयभीत बबलू ने अपने भाई सुनील सोनकर से रुपये मंगवाकर कथित तौर पर दारोगा को दिए, तब जाकर उन्हें छोड़ा गया।
बबलू सोनकर ने SSP से इस मामले की जांच करने और दोषी उपनिरीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में कोतवाली का प्रभार संभाल रहे इंस्पेक्टर क्राइम विनय यादव ने बताया कि ये आरोप निराधार हैं और उनके पास इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है। फिलहाल इस आरोप से एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगा है।