गोरखपुर

गोरखपुर को IT पार्क की सौगात, सीएम ने किया लोकार्पण…2 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार

गोरखपुर का IT पार्क केंद्र और प्रदेश को योगी सरकार की तरफ से प्रदेश के टियर-टू शहरों में तकनीकी उद्यमिता को बढ़ावा देने की योजना का हिस्सा है। यह केंद्र (आईटी पार्क) युवाओं को स्टार्टअप से जोड़ने से महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
2 min read
Mar 26, 2026
Up news, gorakhpur
फ़ोटो सोर्स: पत्रिका , सीएम योगी आदित्यनाथ

गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने GIDA क्षेत्र में बने IT पार्क का लोकार्पण किया। यह पार्क GIDA कार्यालय के पास सेक्टर 7 में 3.5 एकड़ जमीन पर बना है। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) की ओर से लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण किया गया है।

IIM लखनऊ को जगह आवंटित की जा चुकी है। इस संस्थान की ओर से यहां इंक्यूबेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसमें 20 सीटें होंगी। जहां युवाओं को आईटी क्षेत्र में रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।

2 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार

STPI यहां IT कंपनियों को जगह आवंटित करेगी। यहां IT सेक्टर में लगभग 2000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सकेगा।बुधवार को सीएम योगी ने MMMTU में साइबर फोरेंसिक रिसर्च लैब का उद्घाटन किया था। 144 छात्राओं के लिए एक नए AC हॉस्टल की आधारशिला रखी, जो 13.66 करोड़ रुपए में तैयार होगा।

प्रदीप शुक्ला, विधायक (सहजनवां)

सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि सहजनवा का चतुर्दिक विकास हुआ है। IT पार्क का लोकार्पण हो गया है। इससे यहां के नौजवानों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यहीं पर उन्हें रोजगार मिलेगा। वह सीखेंगे। उनका भविष्य बेहतर होगा। STPI के DG अरविंद कुमार ने कहा कि गोरखपुर का सेंटर 3.5 एकड़ जमीन पर बना है। 20 करोड़ खर्च कर सुविधाएं दी हैं। कोई भी कंपनी यहां काम करना चाहे कर सकती है। जैसे ही सारे एलॉटमेंट हो जाएंगे, वैसे ही इसका विस्तार भी किया जाएगा।

इन चीजों की STPI दे रही है सुविधाएं

STPI के गोरखपुर केंद्र में 50 सीटर प्लग एंड प्ले कार्यक्षेत्र विकसित किया गया है। साथ ही 6 हजार वर्गफुट में रॉ इंक्यूबेशन स्पेस, इतने ही क्षेत्रफल में सेमी फर्निश्ड इंक्यूबेशन स्पेस, 54 व्यक्तियों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम, अत्याधुनिक कांफ्रेंस रूम, अत्याधुनिक नेटवर्क ऑपरेशन्स सिस्टम, कैफेटेरिया और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। STPI का यह केंद्र आईटी, आईटीईएस (इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एनेबल्ड सर्विस), बीपीओ (बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग) और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट और बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा।

Updated on:
26 Mar 2026 03:09 pm
Published on:
26 Mar 2026 12:20 pm