यूपी एटीएस के अनुसार नवाब आरजू शातिर अपराधी है। वह यूपी, बिहार और दिल्ली के विभिन्न जिलों में कूटरचित स्टांप पेपरों और टिकटों की तस्करी कर रहा था। गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्य एटीएस के रडार पर हैं।फर्जी स्टांप मामले में कैंट थाने में केस दर्ज किया गया है।एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि इसमें कई आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस इसके नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुट गई है। इसमें यूपी के पश्चिम क्षेत्र के कुछ लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। पुलिस तलाश में लग गई है।
जाली स्टांप पेपर और टिकटों की सप्लाई करने वाली गैंग के मास्टर माइंड नवाब आरजू ने गोरखपुर में छह गर्लफ्रेंड बनाई थी। नवाब के मोबाइल की जांच में यह खुलासा हुआ है।पुलिस ने सभी लड़कियों से पूछताछ की तो वे सभी नवाब द्वारा झूठ बोलकर प्रेमजाल में फंसाने का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस हर पहलुओं की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इन लड़कियों को शेयर ट्रेडिंग के बहाने नवाब उन्हें अपने धंधे के लिए तैयार कर रहा था। नवाब को रिमांड पर लेने की पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नवाब आरजू शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करता था। इस दौरान उसने कई लड़कियों से दोस्ती बनाई थी। उसके नंबर की कॉल डिटेल निकलवाने पर पता चला है कि वह कई-कई घंटे लड़कियों से बात करने में लगा रहता था। उसने अपनी पत्नी से यह बात छिपाई थी। वह पत्नी को ये सब बातें न बताने के लिए पुलिस से गिडगिड़ा रहा था। पुलिस के अनुसार उसके मोबाइल से कई और अहम सुराग हाथ लगे हैं।
वहीं फर्जी स्टाम्प के धंधे में फंडिग करने वाला शातिर अर्पित को पकड़ने से पहले पुलिस साक्ष्य एकत्रित कर रही है। गोपाल गया जेल, फरार बेलघाट के अरविंद की तलाश यूपी एटीएस ने रविवार को मास्टर माइंड नवाब आरजू और उसके साथी राजू कुमार यादव को कैंट से गिरफ्तार किया। सोमवार को क्राइम ब्रांच टीम ने फरार 25 हजार के इनामी कुशीनगर निवासी गोपाल तिवारी को देवरिया से गिरफ्तार कर लिया। फर्जी स्टांप मामले में पहली कार्रवाई पांच अप्रैल को हुई थी।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि नवाब आरजू को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इस धंधे के बारे में नवाब को पूरी जानकारी है। नवाब के भांजे साहेबजादे की जमानत कैसे हुई, उसके जमानतदार और कागजातों की जांच कराई जा रही है।