जिले के खोराबार क्षेत्र की एक दुकान पर नाश्ता कर रहे रिटायर्ड बीएसएफ जवान के बेटे की पांच मनबढ़ों ने रविवार रात करीब नौ बजे ताबड़तोड़ चाकू मार कर हत्या कर दी। खून से लथपथ युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिले के खोराबार थानाक्षेत्र के हक्काबाद गांव में रविवार की रात सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान के बेटे को मनबढ़ों ने चाय की दुकान पर घेर लिया। पिटाई करने के बाद चाकू से ताबड़तोड़ पेट व गले पर कई प्रहार किया।गंभीर स्थिति में परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।खोराबार थाना पुलिस बगल गांव में रहने वाले आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
हक्काबाद के हरिजन बस्ती में रहने वाले बीएसएफ के सेवानिवृत्त जवान रामवृक्ष भारती का 25 वर्षीय बेटा नकुल भारती दोस्त अविनाश के साथ रविवार की रात में 8:40 बजे पकवा चौराहे पर सामान लेने गया था। चौराहे से दोस्त के साथ लौटते समय 8:50 बजे घर से 200 मीटर पहले चाय की दुकान पर नाश्ता करने लगा। इसी दौरान बगल गांव के रहने वाले पांच युवक पहुंचे।कहासुनी के बाद नकुल की पिटाई करने के बाद चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया।
दोस्त के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, इससे पहले हमलावर फरार हो गए। नकुल के भाई महेंद्र ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। तीन भाइयों में नकुल सबसे छोटा था, उसके दो बच्चे हैं। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ कैंट अंशिका वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। स्वजन ने जिन लोगों के नाम बताए हैं उनकी तलाश चल रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।