गोरखपुर

Gorakhpur News: गोरखपुर में सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप शुरू, खेल मंत्री ने किया उद्घाटन

गोरखपुर के रामगढ़ताल में रोइंग की दूसरी बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता हो रहा है जलक्रीड़ा खिलाड़ियों का सपना साकार हो रहा। अंतर विश्वविद्यालय के बाद सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप से अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के द्वार भी खुल गए है। मंत्री जी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़ताल का ऐसा कायाकल्प कराया है कि आने वाले समय मे यह वाटर स्पोर्ट्स का बेस्ट डेस्टिनेशन बनेगा

2 min read
Oct 23, 2024

बुधवार को प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई नीतियों से उत्तर प्रदेश में खेल के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं। गोरखपुर के रामगढ़ताल को जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के जल क्रीड़ा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी संभव होगा।

20 राज्यों की टीमें ले रही हैं हिस्सा

इस चैंपियनशिप में 20 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। खेल मंत्री ने बताया कि समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 अक्टूबर को स्वयं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। उन्होंने गोरखपुर को मिली इस उपलब्धि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पहले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के अंतर्गत भी यहां रोइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, और अब सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप हो रही है, जो क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।

यूपी में भी रोइंग के उभर रहे हैं स्टार

उत्तर प्रदेश में रोइंग के उभरते सितारे खेल मंत्री ने राज्य के रोइंग खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने इस खेल में शानदार प्रदर्शन किया है। मुजफ्फरनगर के पुनीत कुमार को रोइंग में पदक जीतने पर लक्ष्मण अवार्ड से नवाजा गया है और उन्हें खेल कोटे के तहत देवरिया में जिला युवा कल्याण अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। साथ ही, लखनऊ के कुदरत अली, बुलंदशहर के अरविंद सिंह, और हापुड़ के लोकेश कुमार भी प्रशिक्षक के रूप में तैनात हैं। संतकबीरनगर के राजेश कुमार ने एशियन गेम्स 2010 में दो रजत पदक जीते थे, जिससे प्रदेश में रोइंग की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।

सरकारी भर्तियों में दो प्रतिशत स्पोर्ट्स कोटा

खिलाड़ियों के लिए सीधे भर्ती का मौका खेल मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेल नीतियों में कई अहम बदलाव किए गए हैं। ओलंपिक, पैराओलंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अब सीधे राजपत्रित अधिकारी बनने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, सभी सरकारी भर्तियों में दो प्रतिशत स्पोर्ट्स कोटा लागू किया गया है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को करियर बनाने में मदद मिल रही है।

चंदौली, संभल, हापुड़ और शामली में बड़े स्टेडियम का शुरू हुआ निर्माण

खेल सुविधाओं का विस्तार आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के खेल ढांचे में और सुधार किए जाएंगे। खेल मंत्री ने बताया कि प्रदेश के चार जिलों चंदौली, संभल, हापुड़ और शामली में बड़े स्टेडियम के निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि ग्रामीण स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को प्रदेश के बाहर प्रतियोगिताओं में जाने के लिए ट्रेन में थ्री टियर यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को एकलव्य क्रीड़ा कोष के तहत आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।इस कार्यक्रम में यूपी रोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रानी पक्षालिका सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, यूपी रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य लोग और खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Published on:
23 Oct 2024 10:27 pm
Also Read
View All

अगली खबर