
फोटो सोर्स: पत्रिका, हिरासत में फर्जी इंस्पेक्टर
गोरखपुर से एक बड़ी खबर आ रही है, यहां सिकरीगंज पुलिस ने एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति दरोगा बनकर लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी, फर्जी पहचान पत्र और एक अल्टो कार सहित कई सामान बरामद किए हैं।
SO सिकरीगंज आशीष कुमार तिवारी को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में ठगने का काम कर रहा है इस पर कारवाई करते हुए उपनिरीक्षक वैजनाथ बिंद, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, कांस्टेबल राजू यादव और कांस्टेबल संदीप कुमार की टीम ने सिकरीगंज क्षेत्र से अभियुक्त दिग्विजय नाथ को गिरफ्तार किया। दिग्विजय नाथ पुत्र स्व. रामलाल, ग्राम लखुआपाकड़, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का निरीक्षक बताकर लोगों पर भौकाल जमाता था और नौकरी लगवाने के बहाने उनसे पैसे ऐंठता था। शिकायतकर्ता धीरज शर्मा निवासी बढ़यापार, भदारखास की तहरीर पर जांच शुरू की गई, जिसके दौरान अभियुक्त की पहचान हुई।
पुलिस ने सिकरीगंज-बेलघाट मार्ग पर डड़िहथ मोड़ के पास अभियुक्त को उसकी अल्टो कार के साथ रोका गया। वह पुलिस निरीक्षक की वर्दी पहने हुए था, लेकिन पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने फर्जी दस्तावेजों के सहारे खुद को अधिकारी बताकर ठगी करने की बात स्वीकार की।
अभियुक्त के कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र, नेम प्लेट, बैज, नीली व खाकी बैरट कैप, स्टार, बेल्ट, पेनड्राइव, मोबाइल फोन और एक अल्टो कार बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना सिकरीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
Updated on:
11 Feb 2026 02:55 pm
Published on:
11 Feb 2026 02:01 pm
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
