जिले के गुलहरिया मोगलहा में लिव इन में रह रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। युवक के बड़े भाई ने महिला मित्र और चार साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गुलहरिया थानाक्षेत्र के मोगलहा में लिव इन में रह रहे एक युवक की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। युवक के बड़े भाई ने महिला मित्र और चार साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गगहा के लोहरापार निवासी आर्य प्रकाश बीआरडी मेडिकल कालेज के उत्तरी गेट के पास एक हास्पिटल में लैब टेक्नीशियन का काम करता था। एक माह पहले प्रशासन ने हास्पिटल को सील कर दिया तो वह यहां काम कर रही महिला मित्र के साथ मोगलहा में किराए का कमरा लेकर रहने लगा। दोपहर में अचानक आर्य प्रकाश के मौत की सूचना उसके घरवालों को दी गई। बड़े भाई जयप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि मंगलवार की दोपहर 11:45 बजे आर्य प्रकाश ने भाई शशिप्रकाश से फोन पर बात की थी। जिसमें उसने सबकुछ ठीक बताया था, लेकिन एक घंटे बाद जब शशि ने फोन किया तो मोबाइल नहीं उठा।
कुछ देर बाद एक युवक का फोन जयप्रकाश के मोबाइल पर आया और उसने बताया कि आर्य की मौत हो चुकी है। फिर महिला मित्र ने भी फोन किया और मौत की सूचना दी। जयप्रकाश ने बताया कि उसके भाई का मोबाइल फोन महिला की फिंगर से खुलता है।उसने पहले बताया था कि भाई की तबीयत बहुत खराब है। मेडिकल कालेज ले जाया जा रहा है। इसके बाद महिला मित्र चार युवकों के साथ आर्य को मेडिकल कालेज ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद से ही सभी फरार हैं। सीओ गोरखनाथ योगेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान नहीं मिले हैं। विसरा सुरक्षित किया गया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।