गोरखपुर

Gorakhpur news : इंस्पेक्टर के नाम से मिल रही थी धमकी…फरियाद करने गए व्यापारी का ही हो गया चालान, पुलिस पर पिटाई का भी आरोप

गोरखपुर में शाहपुर थाना पुलिस पर व्यापारी की पिटाई और शांति भंग में चालान करने का आरोप लगा है। इस थानाक्षेत्र में रहने वाले एक मेडिकल स्टोर संचालक को कुछ दिनों से इंस्पेक्टर शाहपुर के नाम पर फोन से धमकी मिल रही थी। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की पर धमकी देने वाला नही पकड़ा गया। इसी बात की शिकायत लेकर पीड़ित शुक्रवार को शाहपुर थाने पहुंचा था।

2 min read
Sep 01, 2024

जिले के शाहपुर थाना में गजब कारनामा हुआ,यहां अपनी फरियाद लेकर थाने का चक्कर काट रहे मेडिकल स्टोर संचालक को शुक्रवार की रात में शाहपुर पुलिस ने पहले थाने में पिटाई की और बाद में पूरी रात थाने में बैठाने के बाद शनिवार को शांतिभंग में चालान कर दिया। पीड़ित की गलती बस इतनी थी कि जब इंस्पेक्टर मीटिंग कर रहे थे उसी समय वह उनके आफिस में चला गया था। हालांकि जिस मामले में वह पिछले कई दिन से थाने का चक्कर लगा रहा था उसका आरोपित अभी तक नहीं पकड़ में आया है।

कुछ दिनों से इंस्पेक्टर के नाम पर फोन से मिल रही थी धमकी

शाहपुर थाना क्षेत्र के रेल बिहार कालोनी में रहने वाले सचिन पाण्डेय का संगम चौराहे पर मुकुल मेडिकल स्टोर है। कुछ दिन पहले दोपहर में उनके पास एक अंजान नम्बर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को शाहपुर थाने का एसएचओ बताया। उसने कहा कि कहां हो। सचिन ने कहा कि घर आया हूं। कथित एसएचओ ने कहा कि दुकान पर रहते नहीं हो दवा कैसे मिलेगी। सचिन को लगा कि कोई फर्जी एसएचओ बनकर उन्हें परेशान कर रहा है। उन्होंने ध्यान नहीं दिया। हालांकि उसके बाद कई बार उसका फोन आया और उसने सचिन को धमकाया।

शाहपुर पुलिस से शिकायत पर मिला नंबर ब्लॉक करने का सुझाव

सचिन अपने बेटे के साथ थाने पहुंच कर शिकायत किए। जिस नम्बर से कॉल आ रही है पुलिस ने उस नम्बर को ब्लाक करने का सुझाव दिया। सचिन ने उसे ब्लाक कर दिया उसके बाद भी अलग-अलग नम्बर से कॉल आने लगी। सचिन उसके बाद से कई बार थाने गए। इलाके के पार्षद सहित अन्य लोगों ने भी इस मामले में पुलिस से बात की। फिलहाल पुलिस जांच करने का दावा कर रही थी इस बीच शुक्रवार को सचिन पाण्डेय की बेटी का जन्मदिन था। इस बीच एक बार फिर कथित एसएचओ का फोन आया।

शुक्रवार को फिर कॉल आने पर पीड़ित पहुंचा थाने

रात में करीब साढ़े नौ बजे सचिन शाहपुर थाने पहुंच गए। बताया जा रहा है कि उस वक्त इंसपेक्टर अपने आफिस में चौकी इंचार्जों के साथ मीटिंग कर रहे थे। मीटिंग के बीच सचिन उनके आफिस में घुस गए और अपने मामले में अभी तक कार्रवाई न होने की बात कही। आरोप है कि यह बात पुलिसवालों का काफी नागवार लगी और सचिन की पिटाई कर उन्हें जीडी में दाखिल कर दिया।

शनिवार को पीड़ित का ही पुलिस ने कर दिया चालान

सचिन के घर न लौटने पर उनकी पत्नी बच्चों के साथ आधी रात में थाने पहुंची तो उन्हें बताया गया कि शनिवार की सुबह दो जमानतदार को लेकर आइएगा छोड़ दिया जाएगा। शनिवार को पुलिस ने सचिन का शांतिभंग में चालान कर दिया। सचिन पर तो कार्रवाई हो गई लेकिन जिस वजह से यहां तक मामला पहुंचा इसमें अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित ने पुलिस पर लगाया पिटाई का भी आरोप

सचिन ने थाने में पिटाई का आरोप लगाया है हलांकि शाहपुर इंस्पेक्टर ने सचिन पाण्डेय की पिटाई से इंकार करते हुए बताया कि मैं अर्दलीरूम ले रहा था। उसी दौरान सचिन पाण्डेय आए, उनसे कहा गया, थोड़ी देर बाद आइए पर बाद में आने की जगह वह पुलिस कर्मियों से काफी खराब शब्दों में बात करने लगे थाने में दुर्व्यवहार करने पर उन पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई। इधर मामला तुल पकड़ने पर SSP डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने रविवार को इंस्पेक्टर शाहपुर जयंत सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।

Updated on:
01 Sept 2024 10:16 pm
Published on:
01 Sept 2024 10:11 pm
Also Read
View All

अगली खबर