सोमवार दोपहर तीन बजे गोरखपुर आने के लिए इंडिगो की फ्लाइट 190 यात्रियों को लेकर उड़ान भरी। अचानक तकनीकी खराबी आने पर मुंबई एयरपोर्ट पर ही विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। वहीं, इस सूचना पर यात्रियों की सांसें अटक गई थीं।
गोरखपुर में मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट में टेक्निकल खराबी आने के कारण सोमवार की दोपहर तीन बजे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट को विमान में खराबी का संकेत मिला, जिसके बाद तत्काल सतर्कता दिखाते हुए मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।विमान के अचानक दुबारा एयरपोर्ट पर उतरने के बाद यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया और कुछ देर बाद दूसरी फ्लाइट से गोरखपुर भेजा गया।
गोरखपुर एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इंडिगो की यह फ्लाइट प्रतिदिन दोपहर तीन बजे मुंबई से उड़ान भरती है और शाम 5:20 बजे गोरखपुर पहुंचती है। सोमवार को भी उड़ान अपने तय समय पर शुरू हुई थी, लेकिन टेक्निकल प्रॉब्लम के चलते उसे बीच रास्ते से ही दुबारा मुंबई एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा। फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की खबर मिलते ही मुंबई और गोरखपुर एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई।
कई घंटे की कोशिश के बाद भी विमान में आई टेक्निकल समस्या दूर नहीं कर पाया गया। इसके बाद इंडिगो ने रात करीब 9 बजे दूसरी फ्लाइट का इंतजाम किया और मुंबई एयरपोर्ट से 190 यात्रियों को गोरखपुर रवाना किया गया। यह फ्लाइट गोरखपुर एयरपोर्ट पर रात करीब 11:30 बजे पहुंची। यहां 5.20 बजे से फ्लाइट को दुबारा मुंबई जाना था, खराबी की वजह से आखिरकार विमान रात 11:55 बजे छह घंटे की देरी से गोरखपुर से मुंबई के लिए उड़ान भर सका। इस दौरान मुंबई जाने वाले 70 लोगों ने टिकट कैंसल कर दिया।