उपनिरीक्षक परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक के दौरान परीक्षा से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं जैसे अभ्यर्थियों की चेकिंग, प्रवेश व्यवस्था, केंद्रों के अंदर अनुशासन और परीक्षा सामग्री की सुरक्षा आदि बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
आगामी उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को एनेक्सी भवन सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने संयुक्त रूप से परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बोर्ड नोडल अधिकारियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त नोडल पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुचारू एंट्री, परीक्षा की गोपनीयता और नकलविहीन वातावरण बनाए रखने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था भी सुचारू रखी जाए।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्टेटिक मजिस्ट्रेटों और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समय से अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और सभी व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर भी जोर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने नोडल पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें और किसी भी तरह की अफवाह या अव्यवस्था को तुरंत नियंत्रित करें।
इस अवसर पर एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा।