शहर के जाफरा बाजार निवासी शाहिद कुरैशी रात करीब नौ बजे नौकायन घूमने गया था, इसी दौरान दो गाड़ियों से उतरे छह युवक उसके पास पहुंचे और गाली देते हुए जबरदस्ती कार में बिठा कर फरार हो गए।
गोरखपुर से एक युवक का बेखौफ बदमाशों ने नौकायन जैसी भीड़भाड़ वाली जगह से अपहरण कर लिया और गाड़ी में उसे मार पीटकर लगभग तीस किमी दूर ले जाकर सड़क किनारे चलती गाड़ी से ढकेल कर फरार हो गए। घटना रामगढ़ताल थानाक्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक शाहिद कुरैशी तिवारीपुर थाना क्षेत्र के जाफरा बाजार का रहने वाला है। मंगलवार रात करीब 9 बजे वह अपने एक दोस्त के साथ नौकाविहार घूमने गया था। इसी दौरान दो गाड़ियों से छह युवक उतरे और अचानक उसके पास पहुंचे।
आरोपियों ने शाहिद को जबरन पकड़ कर गाड़ी में बिठाने ले जाने लगे, जब उसने विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। पीड़ित शाहिद के मुताबिक, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरदस्ती कार में बैठा लिया।
शहीद ने बताया कि उसे भटहट के आगे तक ले जाया गया। रास्ते में आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन चेक किया। मोबाइल की जांच के बाद उन्हें पता चला कि वह जिस व्यक्ति को ढूंढ रहे थे, शाहिद वह नहीं है। इसके बाद आरोपियों ने उसे चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया और फरार हो गए। गाड़ी से गिरने के बाद शाहिद बेहोश हो गया। इधर, शाहिद के साथ गया उसका दोस्त घटना की जानकारी शाहिद की मां को दी, मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रामगढ़ताल पुलिस ने शाहिद के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और आधी रात में उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण में शामिल सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने पूछताछ की तब पता चला कि आरोपियों का मकसद किसी और व्यक्ति का अपहरण करना था, लेकिन गलतफहमी में शाहिद को उठा ले गए।
यह पूरा मामला महराजगंज से एक लापता लड़की से जुड़ा है उसका लोकेशन नौकाविहार के आसपास मिला था। आरोपियों ने शाहिद को उस युवती का बॉयफ्रेंड समझ लिया और इसी गलतफहमी में उसका अपहरण कर लिया। जब आरोपियों ने मोबाइल पूरा चेक किया तो पता चला वह युवक शाहिद नहीं है।
SP सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि इस मामले में अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपी महाराजगंज जिले के रहने वाले हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।