स्पाइसजेट एयरलाइन ने गोरखपुर से कोलकाता और दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए शुक्रवार को शेड्यूल भी जारी कर दिया गया। शेड्यूल के अनुसार, सप्ताह में पांच दिन दिल्ली के लिए उड़ान होगी। कोलकाता के लिए एक विमान प्रत्येक दिन उड़ान भरेगा।
गोरखपुर के लिए सकून देने वाली खबर है। बीते फरवरी माह में गोरखपुर एयरपोर्ट से बोरिया-बिस्तर समेट कर अपना ऑफिस अयोध्या शिफ्ट कर लेने वाली विमानन कंपनी स्पाइस जेट अब फिर हवाई पट्टी पर दिखाई देगी। कंपनी ने वापसी की तैयारी कर ली है। गोरखपुर से कोलकाता और दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए शुक्रवार को शेड्यूल भी जारी कर दिया गया।
कंपनी 15 जुलाई से कोलकाता और 16 जुलाई से दिल्ली के लिए उड़ान शुरू करने जा रही है। शेड्यूल के अनुसार, सप्ताह में पांच दिन दिल्ली के लिए उड़ान होगी। कोलकाता के लिए एक विमान प्रत्येक दिन उड़ान भरेगा।
कंपनी के सेल्स मैनेजर मनीष सिंह ने बताया कि दिल्ली का विमान सप्ताह में पांच दिन मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार को उड़ान भरेगा। उन्होंने बताया कि सर्वे में दिल्ली और कोलकाता के लिए यात्रियों की संख्या अच्छी मिली है। इसलिए दोनों जगहों के लिए हवाई सेवा शुरू की जा रही है।
वर्तमान में इंडिगो का एक विमान कोलकाता की उड़ान भरता है। इस वजह से यात्रियों को वहां जाने के लिए छह से सात हजार रुपये किराया खर्च करना पड़ता है। एक और विमान के शुरू होने पर किराया घटकर चार से पांच हजार तक हो सकता है। इससे यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
गोरखपुर से दिल्ली के लिए चार, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और बंगलूरू के लिए रोज एक-एक उड़ान होती है। इसमें पांच विमान इंडिगो, दो अकासा और एक एलायंस का है। स्पाइस जेट के दो विमान बढ़ने से उड़ान की संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।