गोरखपुर में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद हड़कंप मच गया। यहां बारात से लौट रही तेज रफ्तार बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। आसपास कांच के टुकड़े, टूटे बंपर और वाहन के पार्ट्स बिखरे पड़े थे। चीख-पुकार और अफरा-तफरी मची रही।
गोरखपुर में मंगलवार की रात बारात से लौट रही तेज रफ्तार बोलेरो भिटहा टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रुप से घायल हो गए।
बोलेरो के परखच्चे उड़ चुके थे, अंदर बैठे लोगों की चीख पुकार से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टोल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया।
जानकारी के मुताबिक चारपान खुर्द निवासी सुभाष मौर्य के पुत्र की शादी में शामिल होने चारपान सुअड्डा व नगवां टोला के आशुतोष पांडेय, सूरज पांडेय, सरवन चौहान, आलोक शर्मा, दीपक निषाद, शिवम गुप्ता और सूरज शर्मा बोलेरो (UP 53 CZ 5497) से गोला बाजार गए थे।
बारात से लौटते समय रात करीब 11 बजे गांव से लगभग दो किलोमीटर पहले भिटहा टोल प्लाजा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बोलेरो डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे के बाद टोल प्लाजाकर्मी और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया जहां चालक आशुतोष पांडेय की बुधवार सुबह मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल आलोक शर्मा को मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। सूरज शर्मा की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है।
मृतक आशुतोष पांडेय के घर में कोहराम मचा हुआ है पत्नी पूजा पांडेय बदहवास है, दो बच्चे राघवेंद्र और तनिष्क इस बात से अनजान है कि उनके पिता अब नहीं है। SP साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि डेमेज बोलेरो को कब्जे में लिया है। बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, दरवाजे जाम हो गए थे।दरवाजा ताेड़कर किसी तरह घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भिजवाया गया।