ग्रेटर नोएडा

देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट में जमीन जाने पर मिला करोड़ों मुआवजा, बेटा का हुआ किडनैप, तीन किडनैपर गिरफ्तार

Highlights: -जेवर एयरपोर्ट में जमीन जाने पर परिवार को मिले हैं करोड़ों रुपये -पुलिस ने आरोपियों के पास से कार, तमंचा, चाकू बरामद किए -जेवर से अपहृत किए गए युवक पुलिस ने सकुशल बरामद किया

2 min read
screenshot_from_2020-12-10_09-45-43.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा। देश के सबसे बड़े जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन देकर जिस परिवार को करोड़ों रुपये मिले, उनके बेटे का अपहरण कर लिया गया था। सूचना मिलते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। साथ ही अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बदमाशों से घटना में प्रयुक्त वैगनार कार, एक तमंचा, दो चाकू व अपहृत का मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों ने युवक के अपहरण के लिए उनके परिजानों से एक करोड़ की फिरौती मांगी गई थी।

दरअसल, जेवर कस्बे में रहने वाले 18 वर्षीय युवक मनु देव का अपहरण 5 दिसंबर की शाम को उस समय हुआ था, जब वह अपने खेत पर मोटरसाइकिल लेकर गया था। लेकिन वह वहां से काफी समय बीत जाने के बावजूद घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्हें मनु देव की मोटरसाइकिल खेत में ही मिल गई, लेकिन मनु गायब था। उसके पिता ओमवीर सिंह ने बताया कि पूरी रात उन्होंने बेटे को ढूंढा लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद अगली सुबह 6 दिसंबर को उन्होंने जेवर कोतवाली में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि गुमशुदा मनु देव की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थीं। इस दौरान 7 दिसंबर को मनुदेव के पिता ने बताया कि उनके पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उनके बेटे को छोड़ने के लिए एक करोड़ 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई है और रुपए ना देने पर उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने मनु के मोबाइल की लोकेशन और मोबाइल नंबरों की सीडीआर के आधार पर कार्रवाई करते हुए बुधवार 9 दिसंबर को छोटा जुंबा झुप्पा बंदा कट पर एक संदिग्ध गाड़ी में सवार तीन अपहरणकर्ताओं जोगेन्द्र सिंह उर्फ जोगन जाट, बलवीर, सुधीर को पकड़ लिया। गाड़ी की पिछली सीट पर हाथ पैर और मुंह बंधे मन्नू को सकुशल बरामद कर लिया गया।

Published on:
10 Dec 2020 09:51 am