
नई दिल्ली। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को फिलिस्तीन के राष्ट्रपित की निंदा की है। पीएम नेतन्याहू ने फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास के भाषण की निंदा करते हुए कहा कि 'राष्ट्रपति अब्बास का भाषण यहूदी विरोधी है।’ मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने रामल्ला में सोमवार को एक भाषण दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि यूरोप में यहूदियों का उत्पीड़न सामाजिक और आर्थिक मुद्दों का नतीजा था। उन्होंने आगे कहा कि उस नरसंहार में धार्मिक कारणों को जिम्मेदार नहीं माना जा सकता है। बता दें कि राष्ट्रपति महमूद अब्बास के इसी बयान की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
नेतन्याहू ने जताया विरोध
आपको बता दें कि इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने कहा कि 'अत्यंत अज्ञानता और बेशर्मी से उन्होंने दावा किया कि यूरोप में रहने वाले यहूदियों का उत्पीड़न और हत्या उनके यहूदी होने की वजह से नहीं बल्कि ब्याज पर कर्ज देने के वजह से की गई।’ बता दें कि पीएम नेतन्याहू ने विरोध जताते हुए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से 'अब्बास के यहूदी विरोधी बयान' की निंदा करने की अपील की है।
अरब देशों में यहूदियों का उत्पीड़न नहीं हुआ: महमूद अब्बास
गौरतलब है कि फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने दावा किया था कि यूरोप और जर्मनी में यहूदियों का उत्पीड़न धार्मिक द्वेष के कारण नहीं किया गया था, बल्कि कुछ साहुकारी करने वाले यहूदियों के कारण हीं हुआ था। उन्होंने कहा था कि साहुकार यहूदी अधिक ब्याज बसूल करते थे जिससे परेशान होकर लोगों ने विद्रोह किया था जो बाद में व्यापक हो गया। उन्होंने कहा कि उनके पास अपने दावे के लिए ठोस सबूत हैं कि अरब देशों में यहूदियों का उत्पीड़न नहीं हुआ था।
होलोकॉस्ट में हुआ था यहूदियों का नरसंहार
बता दें कि दरअसल फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास होलोकॉस्ट में हुए यहूदियों के नरसंहार की बात कर रहे थे। दरअसल जर्मनी के नाजी तानाशाह हिटलर ने द्वितीय विश्वयुद्ध में हार के बाद करीब 60 लाख यहूदियों को मरवा दिया था जिसमें करीब 15 लाख बच्चे थे।