
बगदाद। इराक की राजधानी बगदाद (Baghdad) में एक फुटबॉल मैदान (Football ground) के पास भयंकर बम धमाका (Bomb blast) हुआ है। जानकारी मिल रही है कि इस दौरान एक नागरिक की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। आंतरिक मंत्रालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। नाम गोपनीय रखने की शर्त पर एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि बुधवार शाम बगदाद में यह विस्फोट हुआ।
फुटबॉल मैदान के पास मोटरसाइकिल में हुआ धमाका
अधिकारी ने बताया कि पूर्व में सदर सिटी स्थित एक स्थानीय फुटबॉल मैदान के पास एक मोटरसाइकिल में धमाका हुआ था। इसमें एक नागरिक की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। सूत्र ने कहा कि इराकी सुरक्षा बल ने क्षेत्र में घेराबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किसी संगठन ने नहीं ली हमले की जिम्मेदारी
वहीं, खबर लिखे जान तक हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी संगठन ने नहीं ली है। साल 2017 के अंत में इराकी सुरक्षा बलों द्वारा IS आतंकवादियों को देशभर में हराने के बाद से देश में सुरक्षा स्थिति में हालांकि अविश्वसनीय बदलाव आया है, लेकिन युद्धग्रस्त देश में छिटपुट हमले हुए हैं।