ग्वालियर

‘बाइक धीरे चलाओ’ कहना पड़ा भारी, बुजुर्ग दंपति को घर से घसीटकर पीटा

मॉडिफाइड साइलेंसर की आवाज का विरोध करने पर आधी रात गुंडों का हमला, बेटे का पैर गर्म साइलेंसर से जलाया; एक आरोपी की पहचान

2 min read
मॉडिफाइड साइलेंसर की आवाज का विरोध करने पर आधी रात गुंडों का हमला, बेटे का पैर गर्म साइलेंसर से जलाया; एक आरोपी की पहचान
PHOTO : AI

मॉडिफाइड साइलेंसर की आवाज का विरोध करने पर आधी रात गुंडों का हमला, बेटे का पैर गर्म साइलेंसर से जलाया; एक आरोपी की पहचान

ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र की दुर्गापुरी कॉलोनी में आधी रात मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक का शोर रोकने की हिम्मत एक बुजुर्ग दंपति को भारी पड़ गई। तेज धमाकेदार आवाज करने से मना करने पर तीन बदमाश घर में घुस आए और 65 वर्षीय हार्ट पेशेंट बुजुर्ग को घर से घसीटकर सड़क पर पीटा। पत्नी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। विरोध करने आए बेटे के पैर को बाइक के गर्म साइलेंसर से दाग दिया। जाते-जाते बदमाश पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

आधी रात मचाया उत्पात

पीड़ित शिवसिंह भदौरिया निवासी दुर्गापुरी कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 12:30 बजे बाइक क्रमांक एमपी-30-जेए-3258 पर सवार तीन युवक कॉलोनी में पहुंचे। मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालते हुए वे उनके घर के सामने रुके। आवाज से नींद खुलने पर हार्ट पेशेंट शिवसिंह ने सिर्फ इतना कहा कि "बेटा, बाइक की आवाज धीमी कर लो, मैं दिल का मरीज हूं।" इतनी बात सुनते ही तीनों युवक आगबबूला हो गए।

बदमाश गेट खोलकर घर में घुस आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने शिवसिंह को घर से घसीटते हुए सड़क पर लाकर बेरहमी से पीटा।

पत्नी और बेटे को भी नहीं छोड़ा

शिवसिंह को बचाने पहुंचीं उनकी पत्नी साधना के साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर बेटा अमित बाहर आया तो बदमाशों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद बाइक के गर्म साइलेंसर से उसके पैर का पंजा जला दिया।

हंगामा बढ़ने पर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों को आता देख बदमाशों ने पथराव कर दिया और परिवार की कार (एमपी-07-सीएफ-5464) के कांच फोड़ दिए। फरार होने से पहले आरोपियों ने दोबारा टोकने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

एक आरोपी की पहचान, तलाश जारी

पुलिस ने घटना के बाद एक आरोपी की पहचान कमल लोधी निवासी भिंड के रूप में की है। हालांकि, वह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अन्य दो आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

"बाइक के शोर का विरोध करने पर बुजुर्ग दंपति और उनके बेटे के साथ मारपीट की गई है। तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। इनमें से एक की पहचान हो चुकी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।"

— जितेंद्र तोमर, टीआई, हजीरा थाना

Updated on:
22 Jun 2026 06:42 pm
Published on:
22 Jun 2026 06:40 pm